अस्पताल में पसरी गंदगी, गैरहाजिरी और अव्यवस्था पर 24 घंटे में सुधार का दिया अल्टीमेटम

सारठ सीएचसी का औचक निरीक्षण

सारठ बाजार. बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने सोमवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल में कई गंभीर खामियां सामने आयी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल उठ गए. निरीक्षण में पाया गया कि स्वास्थ्य कर्मी हाजिरी बनाकर अस्पताल से अनुपस्थित रहे. अस्पताल परिसर में शौचालयों की स्थिति अत्यंत गंदगीपूर्ण थी. वहीं मरीजों के लिए लगाए गए बेड पर चादर भी नहीं बिछी हुई थी. इस स्थिति पर बीडीओ ने मौके पर मौजूद बीपीएम शंकर शरण पंकज को कड़ी फटकार लगायी और 24 घंटे के भीतर सीएचसी की व्यवस्था को दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया. प्रसूति कक्ष के निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि मरीजों को दिए जाने वाले भोजन का मेन्यू बोर्ड नहीं लगा था. इसपर बीडीओ ने कहा कि मेन्यू बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाये, ताकि मरीजों को मिलने वाले आहार की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो सके. इस दौरान बीडीओ ने अस्पताल में उपलब्ध ऑक्सीजन, दवाओं और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली. कार्यालय निरीक्षण में कई स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी में एंट्री तो मिली, लेकिन बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज नहीं पाई गयी. इस पर बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कर्मियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य है. साथ ही अनुपस्थित पाए गए कर्मियों की हाजिरी काटते हुए उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है. मौके पर डॉ गुडाकेश, स्वास्थ्य कर्मी चंदन कुमार, आलोक कुमार आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ramakant mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >