कौशल बना रोजगार की ताकत. मुख्यमंत्री सारथी योजना से 35 युवाओं को मिला रोजगार

देवघर में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में 35 युवाओं को नौकरी मिली। कौशल विकास से आत्मनिर्भर बन रहे हैं झारखंड के युवा।

देवघर: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी (जेएसडीएमएस) द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत मेगा सेंटर ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट, देवघर में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में सक्षम सेंटर कोलोसल स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड ने भी भागीदारी की.

35 प्रशिक्षित युवाओं को मिला ऑफर लेटर

कार्यक्रम में 35 प्रशिक्षित युवाओं को एथर एनर्जी, बेंगलुरु में असेंबलिंग ऑपरेटर पद के लिए ऑफर लेटर प्रदान किया गया. वहीं महिला प्रशिक्षणार्थी रीना देवी को स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिलाई मशीन देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया. प्लेसमेंट ड्राइव में शाही एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने भी भाग लिया और युवाओं को रोजगार के अवसर, चयन प्रक्रिया, कार्य संस्कृति तथा कैरियर विकास की जानकारी दी.

युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

मुख्य अतिथि जिला कौशल पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार साह ने कहा कि युवा कौशल प्रशिक्षण को केवल प्रमाण-पत्र तक सीमित न रखें, बल्कि इसे बेहतर रोजगार, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य का माध्यम बनाएं. उन्होंने मुख्यमंत्री सारथी योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया और कहा कि कुशल एवं सक्षम युवा ही विकसित भारत की आधारशिला हैं. कार्यक्रम में यूएनडीपी के परियोजना सहायक प्रियव्रत मिश्रा सहित प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. इस दौरान सफल प्रशिक्षणार्थी आयुष चौधरी और अन्नू कुमारी ने भी अपने अनुभव साझा कर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के लिए प्रेरित किया.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sameer Oraon

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >