देवघर : नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चरण द्वारी रोड निवासी दुकानदार सोनू कुमार ने चार लोगों पर दुकान पर पहुंचकर मोबाइल जबरन कब्जे में लेने, हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले में सोनू कुमार ने नगर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चार लोगों पर रंगदारी मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता सोनू कुमार के अनुसार, गौरव झा, निहाल मिश्रा, राहुल शर्मा और विक्रम कुमार आये दिन उनकी दुकान पर पहुंचते हैं. आरोप है कि चारों ने उनका मोबाइल जबरन अपने कब्जे में ले लिया और धमकी देते हुए प्रत्येक माह 50 हजार रुपये देने की मांग की. रंगदारी की रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
UPI से 5103 और कैश 3500 रुपये लेने का आरोप
सोनू कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि धमकी देकर आरोपियों ने यूपीआई के माध्यम से 5103 रुपये और नकद 3500 रुपये लिये. दुकानदार ने भुगतान से संबंधित साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराया है. पुलिस शिकायत में लगाये गये आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.
