बेनीपुर (देवघर): बिहार लोकल बॉडी इम्प्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त आह्वान पर नगर परिषद के सफाईकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण नगर परिषद के सभी 29 वार्डों में साफ-सफाई का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है.
सड़कों पर झाड़ू लगना बंद हो गया है, जबकि मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और आशापुर टावर सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर कचरे का ढेर जमा होने लगा है. कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बेनीपुर सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मार्शल राम ने बताया कि राज्य स्तरीय कर्मचारी संघ के आह्वान पर विभिन्न मांगों के समर्थन में सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. इससे नगर की सफाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है.
इस संबंध में स्वच्छता पदाधिकारी इंद्रजीत पाल ने बताया कि राज्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाईकर्मियों के हड़ताल पर जाने के कारण साफ-सफाई का कार्य बाधित हो गया है. उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सफाई व्यवस्था सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है.
