Deoghar News : किन्नर अखाड़ा के संतों ने की बाबा बैद्यनाथ की पूजा, गंगा, गौ व पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

सोमवार को किन्नर अखाड़ा के संताें ने बाबा बैद्यनाथ की दर्शन-पूजा की. संतों ने गंगा, गौ और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया.

संवाददाता, देवघर : किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी महाराज ने कहा कि भगवान महादेव देवों के देव हैं और वे सभी का कल्याण करते हैं. वे इतने सहज, सरल और कृपालु हैं कि अपने भक्तों पर कभी कष्ट नहीं आने देते. किन्नर समाज के लिए महादेव विशेष रूप से पूज्य हैं, क्योंकि उनका एक स्वरूप अर्द्धनारीश्वर के रूप में भी माना जाता है. उन्होंने सोमवार को किन्नर अखाड़ा की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी राजेश्वरीनंद गिरि (रोज मौसी) के नेतृत्व में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन-पूजा की. इस दौरान बड़ी संख्या में किन्नर संतों ने बाबा मंदिर में जलार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इसके बाद सभी संत देवघर के बंधा में आयोजित भगवान काल भैरव व माता बहुचरा के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह, संत सम्मेलन और विशाल भंडारे में शामिल हुए. संत सम्मेलन में किन्नर संतों ने गंगा, गौ और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया. इस मौके पर आचार्य महामंडलेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि प्रकृति और आस्था की रक्षा के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा. किन्नर समाज भी गंगा, गौ और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभायेगा. सम्मेलन में महामंडलेश्वर स्वामी गायत्रीनंद गिरि, पवित्रानंद गिरि, इंदूनंद गिरि, जगदंबानंद गिरि, कालिकानंद गिरि, चारुलतानंद गिरि, जयंतीनंद गिरि, श्रीमहंत स्वामी कैलाशनंद गिरि, संजयनंद गिरि सहित कई संत-महात्माओं ने विचार व्यक्त किये. कार्यक्रम का संचालन श्रीमहंत अजीतनंद गिरि रुद्र ने किया, जबकि अंत में महामंडलेश्वर माता राजेश्वरीनंद गिरि (रोज मौसी) ने सभी संतों व श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया. विशाल भंडारे के साथ तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन हुआ. हाइलाइट्स बंधा में आयोजित भगवान काल भैरव व माता बहुचरा के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjeev mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >