SSC में चयन नहीं होने से टूट गया मेधावी रवि, ट्रेन से कटकर दी जान

इंटर साइंस टॉपर रवि कुमार SSC चयन न होने से हताश, कंप्यूटर क्लास के बहाने घर से निकल, ट्रेन से कटकर जान दी. पिता सदमे में.

इंटर साइंस में जिला टॉपर और राज्य में छठे स्थान पर रहा था रवि, कंप्यूटर क्लास के नाम पर घर से निकला था

देवघर : एसएससी परीक्षा में चयन नहीं होने से हताश रवि कुमार ने सोमवार को सत्संग नगर हॉल्ट के समीप जसीडीह-बैद्यनाथधाम पैसेंजर ट्रेन से कटकर जान दे दी. घटना दोपहर करीब दो से 2.15 बजे के बीच की बतायी जा रही है. मृतक कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मुहल्ला निवासी मनोज वर्णवाल का पुत्र था.

आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

घटना की सूचना मिलने के बाद बैद्यनाथधाम रेल पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुई. पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. शाम होने के कारण तत्काल पोस्टमार्टम नहीं हो सका. देर शाम पिता के बयान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.


रेल डीएसपी को घटना की जानकारी देते मृतक रवि के पिता मनोज बरनवाल। Prabhat Khabar Network

शव हटाने के बाद सामान्य हुआ ट्रेन परिचालन

घटना के बाद जसीडीह-बैद्यनाथधाम पैसेंजर ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही. रेल पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को हटाया गया, जिसके बाद ट्रेन परिचालन सामान्य कराया गया.

कंप्यूटर क्लास में दाखिले की बात कहकर निकला था घर से

मृतक के पिता ने रेल पुलिस को बताया कि रवि उनका बड़ा बेटा था. सोमवार को वह कंप्यूटर क्लास में दाखिला लेने की बात कहकर सुबह करीब 11.30 बजे घर से निकला था. इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका. पिता के अनुसार, पिछले साल एसएससी परीक्षा में चयन नहीं होने के बाद से रवि की मानसिक स्थिति प्रभावित हुई थी. रांची और पटना में उपचार के बाद तीन दिन पहले दुर्गापुर में भी उसका इलाज कराया गया था। दो दिन बाद फिर उपचार के लिए जाना था.

इंटर साइंस में जिला टॉपर रहा था रवि

परिजनों के अनुसार रवि पढ़ाई में काफी मेधावी था. वर्ष 2017 में जैक बोर्ड की इंटर साइंस परीक्षा में वह जिला टॉपर रहा था और पूरे राज्य में छठा स्थान हासिल किया था. प्रतियोगी परीक्षा में चयन नहीं होने के बाद वह मानसिक रूप से हताश था. बेरोजगार होने के कारण वह घर की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंतित रहता था.

मिलनसार और शांत स्वभाव का था रवि

बरनवाल युवक संघ के अध्यक्ष सर्वोत्तम बरनवाल ने बताया कि रवि बहुत मिलनसार और शांत स्वभाव का था. घटना के बाद पान दुकानदार पिता मनोज वर्णवाल और परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं.

क्या कहते हैं डीएसपी

रेल डीएसपी राज कपूर ने बताया कि दोपहर करीब 2.15 बजे ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी. जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान हुई. परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >