Deoghar news ; पुलिस टीम पर जानलेवा हमला के मामले में प्राथमिकी दर्ज, तीन गिरफ्तार व चार आरोपित फरार

देवघर के सारठ प्रखंड के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के मंदरिया गांव में शुक्रवार को पुलिस टीम पर हमला करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस साइबर ठग को पकड़ने गयी थी.

प्रभात खबर टोली, सारठ/देवघर. सारठ प्रखंड के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के मंदरिया गांव में शुक्रवार को पुलिस छापेमारी के दौरान बड़ी घटना घटित हुई थी. साइबर क्राइम के आरोप में संजय यादव के घर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर घर के ही सात सदस्यों ने लाठी-डंडा और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया. घटना में सारठ थाना प्रभारी सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हुए थे. बावजूद छापेमारी टीम ने तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया. चार अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं. घटना को लेकर पथरड्डा ओपी प्रभारी सालो हेब्रम के बयान पर सारठ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

यह घटना नौ मई की दोपहर लगभग 1:30 बजे की है, जब देवघर साइबर थाना प्रभारी सहदेव प्रसाद के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मंदरिया गांव पहुंची थी. पुलिस को इनपुट मिला था कि गांव निवासी संजय यादव साइबर ठगी में संलिप्त हैं. जैसे ही पुलिस ने छापेमारी शुरू की, संजय यादव सहित उसके परिजनों पिंटू यादव, श्रीकांत कुमार, सुमन कुमार, बबीता देवी, मीरा देवी व ममता देवी ने पुलिस टीम का विरोध करना शुरू कर दिया. विरोध के क्रम में आरोपितों ने पुलिस पर लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. हमले में थाना प्रभारी सूरज कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया. अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गयी, जिसमें कुछ को हल्की चोटें आयीं.

घटना के दौरान पुलिस ने संजय यादव, पिंटू यादव और श्रीकांत कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया. वहीं सुमन कुमार, बबीता देवी, मीरा देवी और ममता देवी मौके से फरार हो गये. पुलिस ने सभी सातों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि पुलिस टीम सरकारी कार्य का निर्वहन कर रही थी, जिस पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी है. गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी सूरज कुमार का इलाज नजदीकी अस्पताल में कराया गया. उनकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

हाइलाइट्स

॰सारठ थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी॰पुलिस टीम पर लाठी-डंडा और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला

॰सरकारी कार्य में बाधा डालने व पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला के आरोप में दर्ज हुआ है मामला

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >