देवघर से संजीत मंडल की रिपोर्ट देवघर : जसीडीह स्थित क्राइस्ट स्कूल की कक्षा सातवीं की छात्रा खुशी द्वारा रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी गयी राखी और शुभकामनाओं का जवाब प्रधानमंत्री कार्यालय से मिला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भेजे पत्र में खुशी के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार जताया और उसके सुखद, उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
शक्ति की सप्तधारा’ से विकास का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने पत्र में कहा है कि भारत की विकास यात्रा में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है. देश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, खेल और नवाचार समेत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं. उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए ‘शक्ति की सप्तधारा’ के तहत उत्पादन, कृषि, तकनीक एवं नवाचार, गतिशक्ति, रक्षा, ग्रीन-ब्लू इकोनॉमी और सांस्कृतिक शक्ति को विकास से जोड़ने का उल्लेख किया.
माता-पिता व गुरुजनों में खुशी
प्रधानमंत्री ने ‘नारी नेतृत्व में विकास’ की सोच के साथ आगे बढ़ते भारत में महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया. पत्र मिलने पर खुशी के मां डिप्टी मेयर टिप चटर्जी और पिता सुधीर सिंह सहित गुरुजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छात्रा के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण बताया. प्रधानमंत्री ने खुशी से बदलते भारत की यात्रा में अपने प्रयासों से योगदान देने का विश्वास भी जताया है.
