चितरा. बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चितरा मोड़ पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य पशुपति कोल ने किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लेकर नारेबाजी की और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. सभा को संबोधित करते हुए पशुपति कोल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों का बजट बिगड़ गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण पाने में असफल साबित हो रही है. किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि मजदूर वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का लाभ केवल बड़े पूंजीपतियों तक सीमित होकर रह गया है. भाकपा नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी. मौके पर श्रीराम मेहरा, बलराम यादव, पवन कोल, लीलू कोल, परेश कोल, संजीत महतो, राजू बाउरी, आनंद बाउरी एवं नूनलाल मिर्धा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ भाकपा का प्रदर्शन
चितरा: भाकपा नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाये सवाल
