खान-खनिज विधेयक पर निशिकांत दुबे का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- लूट-खसोट रोकने के लिए बना कानून

सांसद निशिकांत दुबे ने हेमंत सोरेन सरकार पर झारखंड के विकास को रोकने और खनिज संपदा की लूट-खसोट को जारी रखने का आरोप लगाया है. उन्होंने खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 को राज्यों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया.

सारठ . सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को सारठ में पत्रकारों से कहा कि झारखंडियों को बरगलाने और सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए हेमंत सोरेन सरकार आंदोलन कर रही है. उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 राज्यों के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है.

खनिज संपदा की लूट रोकने का दावा

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों के विकास के साथ खनिज संपदा की लूट-खसोट को रोकने के लिए यह कानून बनाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार को खनिज से लूट-खसोट बंद होते दिख रही है, जिस कारण राज्य की जनता को बरगलाकर और झूठ बोलकर आंदोलन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कानून झारखंड समेत अन्य खनिज संपन्न राज्यों के लिए वरदान साबित होगा.

झारखंड में विकास की नीतियों पर सवाल

निशिकांत दुबे ने कहा कि बीते आठ वर्षों में झारखंड में एक भी ऐसी नीति या योजना नहीं बनी, जिससे झारखंड का विकास हो सके. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अब तक बरहेट विधानसभा से कांग्रेस और झामुमो के विधायक रहे हैं और वर्तमान समय में बरहेट विधानसभा के विधायक प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, बावजूद इसके क्षेत्र में कोई बड़ी योजना नहीं चल रही है.

रेलवे लाइन को लेकर सरकार पर निशाना

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में रेलवे लाइन के लिए झारखंड सरकार ने पैसा नहीं दिया. उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के सहयोग से पाकुड़ से गोड्डा रेलवे लाइन का निर्माण करवाया जा रहा है.

कोयला चोरी को लेकर भी लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि बीसीसीएल के सीएमडी द्वारा कोयला चोरी पर रोक लगाने पर हेमंत सरकार ने सीएमडी पर एससी-एसटी के झूठे मुकदमे करवाकर फंसाने का काम किया है.

अन्य राज्यों से झारखंड की तुलना

सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और ओडिशा जैसे राज्य विकास में आगे बढ़ रहे हैं, जबकि झारखंड आज भी पिछड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने से ही झारखंड का विकास संभव है.

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष, भाजपा नेता संजय यादव, संतोष तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामाकांत मिश्रा

15 फरवरी 2018 से प्रभात खबर में कार्य कर रहे है. लगातार आठ सालों से मेन स्ट्रीम की जर्निल्जम से जुड़े हैं. ग्रामीण स्तर की खबरों को बेहतर कवरेज देने का काम लगातार कर रहे हैं ताकि ग्रास रूट लेवल पर विकास लोगों तक पहुंच सके.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >