Deoghar News : बाबा मंदिर में अब कंट्रोल रूम की अनुमति से ही वीआइपी को मिलेगा प्रवेश

बाबा मंदिर में वीआइपी रास्तों से अनियंत्रित प्रवेश को लेकर लगातार वायरल हो रहे वीडियो के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए नयी व्यवस्था लागू कर दी है. अब फिलपाया व प्रशासनिक भवन से प्रवेश केवल चुनिंदा लोगों को ही मिलेगा.

संवाददाता, देवघर : बाबा मंदिर में वीआइपी रास्तों से अनियंत्रित प्रवेश को लेकर लगातार वायरल हो रहे वीडियो के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए नयी व्यवस्था लागू कर दी है. अब फिलपाया व प्रशासनिक भवन से प्रवेश केवल चुनिंदा लोगों को ही मिलेगा. इसमें राज्य के राजकीय अतिथि, वरीय अधिकारी, उनके अधिकृत रेफरेंस या फिर बड़े संत-महात्मा ही शामिल होंगे. नयी व्यवस्था के तहत किसी भी व्यक्ति को सीधे प्रवेश नहीं दिया जायेगा. मंदिर कंट्रोल रूम से अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है. मंदिर प्रभारी या सहायक प्रभारी के निर्देश के बाद ही इंट्री संभव होगी. इसके लिए कंट्रोल रूम में एक विशेष पंजी (रजिस्टर) की व्यवस्था की गयी है, जिसमें आने वाले अतिथि को अपना पूरा विवरण दर्ज करना होगा. इसमें नाम, मोबाइल नंबर, किसके रेफरेंस से आये हैं, जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भरनी होंगी. मंदिर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पंजी में दर्ज विवरण की सख्ती से जांच की जायेगी. अगर जांच के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पायी जाती है, तो संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई भी की जा सकती है. इस कदम का उद्देश्य वीआइपी प्रवेश के नाम पर हो रही अव्यवस्था और आम श्रद्धालुओं के साथ हो रहे भेदभाव को रोकना है. नयी व्यवस्था का असर भी तत्काल दिखने लगा है. प्रशासनिक भवन में बिना दंडाधिकारी की अनुमति के किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है. सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में अंदर नहीं जाने दें. प्रशासन के इस फैसले से जहां व्यवस्था में पारदर्शिता आने की उम्मीद है, वहीं आम श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की संभावना जतायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjeev mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >