देवघर: देवघर नगर निगम की एजेंसी स्नेह एनिमल वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित कांवर यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सांड पकड़ने का अभियान शुरू किया गया है. यह अभियान रात 10 बजे से रात दो बजे तक चलाया गया. अभियान के दौरान ट्रैकर स्टैंड, मंदिर मोड़, पंडित शिवराम झा चौक और पंडित बीएन झा पथ में घूम रहे आठ सांडों को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशाला भेजा गया.
अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान सांडों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें नियंत्रित किया जा रहा है. सभी सांडों को बारी-बारी से पकड़कर गौशाला भेजा जा रहा है. इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और सांड भी सुरक्षित रहेंगे.
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से पहले से ही आवारा कुत्तों की नसबंदी कर उनकी संख्या नियंत्रित करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि लोगों को कुत्तों के आतंक से राहत मिल सके. इस पहल का उद्देश्य पशु कल्याण सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना है. अभियान को सफल बनाने में एजेंसी के डॉ. अमानुल्लाह, रमेश कुमार, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मी जुटे हुए हैं.
