देवघर। बुधवार देर शाम गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे अपनी पत्नी डॉ. अनामिका गौतम के साथ कांवरिया पथ स्थित नमो सेवा शिविर पहुंचे. इस दौरान सांसद और उनकी पत्नी ने कांवरियों के बीच रात्रि भोजन एवं फलाहार का वितरण किया. इसके साथ ही वे भजन संध्या में भी शामिल हुए.
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान जब भी अवसर मिलता है, वह दिल्ली से देवघर पहुंचकर कांवरियों की सेवा करते हैं. उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान भी छुट्टी के दिनों में समय निकालकर कांवरियों की सेवा के लिए देवघर आते रहे हैं. दिल्ली में रहने के बावजूद हर दिन कांवरियों की सेवा और नमो सेवा शिविर के कार्यों की जानकारी लेते हैं.
उन्होंने कहा कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान देवघरवासियों को कांवरियों की सेवा का अवसर मिलता है, जिसे यहां के लोग पूरी निष्ठा के साथ निभाते हैं. मौके पर प्रदीप भैया जी महाराज, डॉ. वीरेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.
