देवघर. मेयर रवि राउत ने स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों के साथ सोमवार को जन शिकायतों की समीक्षा की, साथ ही जन शिकायतों के समाधान के लिए नगर निगम के कई महत्वपूर्ण जगहों का निरीक्षण किया. शिवगंगा श्मशान घाट का निरीक्षण कर जहां-तहां बिखरे कचरे, शव यात्रा में उपयोग की गयी सामग्रियों को नियमित निष्पादित करने का आदेश सफाई निरीक्षक को दिया. शिवगंगा का निरीक्षण कर पानी में फैली गंदगियों को खत्म करने का निर्देश संवेदक के प्रतिनिधियों को दिया. मेयर ने बिना सूचना के हड़ताल पर जाने से कार्य में उत्पन्न हुई बाधा के लिए कर्मियों को फटकार लगायी. श्रीराउत ने इसी क्रम में शिवगंगा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया और इस प्लांट को प्रतिदिन चालू रखने का निर्देश दिया. कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल स्नान और पूजा के लिए सुलभ हो, इसमें कतई कोताही नहीं होनी चाहिए. निरीक्षण के क्रम में वे हरिहर बाड़ी मोहल्ले भी पहुंचे एवं नाला अतिक्रमण से उत्पन्न जल जमाव की स्थिति का भी जायजा लिया. श्रीराउत ने कहा कि शहर को अब जल जमाव की स्थित से मुक्त कराने का प्रयास करुंगा . कहा कि अब ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन बड़े नाले के माध्यम से इसकी जल निकासी होगी. इसके चलते न तो आम लोगों को परेशानी होगी और न ही बाहर से आने वाले भक्तों को ही परेशानी के दौर से गुजरना पड़ेगा. निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षद और प्रतिनिधि मौजूद थे.
शिवगंगा श्मशान घाट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में अव्यवस्था देख मेयर ने जतायी नाराजगी
मेयर रवि राउत ने शिवगंगा, श्मशान घाट के अलावा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया. इस दौरान कर्मियों को सफाई को लेकर लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया.
