संवाददाता, देवघर. कृषि उत्पादन बाजार समिति अब व्यापारियों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर सक्रिय मोड में नजर आ रही है. समिति के सचिव राहुल कुमार ने साफ संकेत दिया है कि बाजार परिसर में अव्यवस्थाओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. खासकर रोशनी, शौचालय और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस पहल शुरू कर दी गयी है. समिति सचिव ने बताया कि शाम ढलते ही दुकानों और आड़त के आसपास प्रकाश का अभाव स्पष्ट रूप से दिखता है, जिससे व्यापारियों को परेशानी के साथ सुरक्षा की चिंता भी सताने लगती है. इसे गंभीरता से लेते हुए हर रात निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि यह तय किया जा सके कि किन-किन स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगायी जानी हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे बाजार परिसर को पर्याप्त रोशनी से लैस कर दिया जायेगा. पेयजल व्यवस्था को लेकर भी समिति गंभीर है. परिसर में विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए आरओ सिस्टम और वाटर कूलर लगाने की योजना तैयार की गयी है. परिसर में संचालित एसबीआइ शाखा को सीएसआर मद से सहयोग देने हेतु पत्राचार किया गया है. इस पहल से स्थानीय व्यापारियों के अलावा दूसरे राज्यों से आने वाले कारोबारियों और आम लोगों को भी राहत मिलेगी. वहीं एक शौचालय होने के कारण परेशानी होती है, जिसे देखते हुए एक आधुनिक डीलक्स शौचालय के निर्माण की योजना तैयार की गयी है.
Deoghar news : बाजार समिति परिसर में लगेंगी लाइटें, शौचालय व पेयजल व्यवस्था होगी दुरुस्त
कृषि उत्पादन बाजार समिति व्यापारियों को बुनियादी सुविधाओं मुहैया कराने के लिए रौशनी, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी है. इसके लिए योजना बनायी गयी है.
