सारठ. पथरड्डा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सरपत्ता गांव निवासी उमेश कुमार पंडित ने मुंडा स्थित एक सीमेंट-छड़ दुकानदार पर पैसे लेने के बावजूद सामग्री नहीं देने का आरोप लगाते हुए ओपी में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. शिकायत में उन्होंने जिक्र किया है कि प्रखंड द्वारा उनके नाम अबुवा आवास की स्वीकृति दी गयी है. आवास की ढलाई के लिए सामग्री खरीदने के लिए उन्होंने ओपी क्षेत्र के मुंडा स्थित दुकानदार को बैंक के माध्यम से 60 हजार रुपये तथा नकद 32 हजार रुपये दिये थे. आरोप है कि ढलाई के दिन दुकानदार द्वारा सामग्री नहीं दी गयी. पीड़ित के अनुसार, छत ढलाई के लिए रॉड बांध दिए गए थे और मिस्त्री व लेबर को भी बुलाया गया था, लेकिन दुकानदार ने सीमेंट देने से इंकार कर दिया. पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने दुकानदार से पैसे देने अथवा पैसे वापस करने की बात कही, तो दुकानदार ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी. इसके चलते उनके आवास की छत की ढलाई नहीं हो सकी. शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
पैसे लेकर निर्माण सामग्री नहीं देने का आरोप
पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सरपत्ता गांव का मामला
