करौं (देवघर): थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनकट्टा रेलवे स्टेशन के निकट स्थित जंगल में रोजाना लाखों रुपये का जुआ खेल चलने की बात सामने आ रही है. बताया जाता है कि इस जुआ के खेल में पश्चिम बंगाल के आसनसोल, चितरंजन, सलानपुर सहित जामताड़ा जिले के करमाटांड़ और मधुपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में जुआरी पहुंचते हैं और लाखों रुपये का दांव लगाते हैं.
स्थानीय लोगों के अनुसार, जुआ के इस खेल में कई आपराधिक चरित्र वाले लोग भी शामिल होते हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है. बताया जाता है कि जुआरी विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से मदनकट्टा पहुंचते हैं, जिससे उन्हें आने-जाने में सुविधा होती है.
ग्रामीणों का कहना है कि इस खेल में कुछ लोग जहां आर्थिक रूप से लाभान्वित होते हैं, वहीं कई लोग भारी नुकसान उठाकर घर लौटने को मजबूर हो जाते हैं. लोगों ने आशंका जतायी है कि रात के समय कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं. मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए अवैध जुआ के खेल को बंद कराने की मांग की है.
