बाल विवाह रोकने की हर व्यक्ति की जिम्मेवारी : एसडीजीएम

सारठ प्रखंड मुख्यालय में विधिक सह महिला सशक्तिकरण शिविर का आयोजन

सारठ. प्रखंड मुख्यालय सभागार में रविवार को डालसा देवघर द्वारा आयोजित विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का उद्घाटन एसडीजेएम मधुपुर सुचिता निधि तिग्गा, बीडीओ चंदन कुमार सिंह, थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, बीस सूत्री अध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, जेएसएलपीएस बीपीएम विधु शेखर झा व डालसा के एडीसी अमित चंद्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों व कर्मियों की उपस्थिति रही. शिविर को संबोधित करते हुए एसडीजेएम सुचिता निधि तिग्गा ने महिला जागरूकता की कमी पर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि आज भी जागरूकता के अभाव में महिलाएं शोषण का शिकार हो रही हैं. बाल विवाह को रोकना समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है और इसके प्रति सभी को सजग होना होगा. उन्होंने बताया कि न्यायालय में आने वाले मामलों में हर दूसरा या तीसरा केस दहेज प्रथा से संबंधित होता है, जो गंभीर सामाजिक समस्या को दर्शाता है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को बोझ न समझें और 18 वर्ष से पहले उनकी शादी न करें, बल्कि उनकी शिक्षा पर ध्यान दें, ताकि भविष्य में दहेज से जुड़े मामलों में कमी आ सके. एसडीजेएम ने बीडीओ चंदन कुमार सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बिना दहेज के विवाह कर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है. वहीं बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने कहा कि पीड़ितों को सुलभ न्याय दिलाने के लिए प्रखंडों में साप्ताहिक जनता दरबार लगाए जा रहे हैं. प्रत्येक गुरुवार को थाना परिसर में थाना दिवस आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। उन्होंने आपसी सहमति से विवादों के निपटारे पर जोर दिया और पीएलवी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया. कार्यक्रम में सीआई अक्षय सिन्हा ने कानूनी जानकारी दी, जबकि थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, इस्तियाक मिर्जा व विधु शेखर झा ने महिला संगठनों व उनके कार्यों पर प्रकाश डाला. शिविर में सर्वजन पेंशन योजना और पीएम आवास योजना के तहत लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए. साथ ही 12 लाभुकों को धोती-साड़ी तथा 12 लाभुकों को सोलर पंप प्रदान किए गए. मौके पर डालसा के एडीसी अमित चंद्रा,पीएलबी रोहिणी कुमारी,उज्ज्वल कुमार,मदन मंडल,अमित आनंद, सीआई अक्षय कुमार सिन्हा,बिभास कुमार,बीपीआरओ श्रीकांत मंडल, बीपीओ अक्षय दत्ता, एलएस अनिता कुमारी, सीता रानी, मीरु मुर्मू, समन्वयक मोहन महरा, विक्की आनंद, जेई मन्नूवर आलम, सफ़ाक़त अंसारी, सतेंद कुमार, कर्मचारी मुकेश मुर्मू, सूफिया मिर्ज़ा, चुमकी पंडित आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MITHILESH SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >