सारवां. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार द्वारा संचालित प्रोजेक्ट के तहत जैक, रांची द्वारा आयोजित आकांक्षा परीक्षा में प्रखंड के योगियाटिकुर गांव की निवासी कृषु कुमारी ने क्लैट स्ट्रीम में 16वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता से परिजनों एवं गांव में खुशी का माहौल है. कृषु कुमारी, ममता देवी की पुत्री हैं तथा नलिनी पत्रिका उच्च विद्यालय, बंदाजोरी की छात्रा हैं. उन्होंने बताया कि वह नवमीं कक्षा से ही परीक्षा की तैयारी कर रही थीं. अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक जावेद तथा अपने परिजनों को दिया. परीक्षा की तैयारी के संबंध में कृषु ने बताया कि कुशल मार्गदर्शन, कड़ी मेहनत, निरंतर निगरानी और नियमित मॉक टेस्ट के कारण यह सफलता संभव हो सकी. उन्होंने कहा कि वह एक साधारण परिवार से आती हैं और आगे चलकर ज्यूडिशियल सर्विसेज में करियर बनाना चाहती हैं. बेटी की उपलब्धि पर परिवार के सदस्य गौरवान्वित हैं. वहीं विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजीत कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने कृषु कुमारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
आकांक्षा परीक्षा में कृषु कुमारी ने हासिल की 16वीं रैंक
सारवां प्रखंड के योगियाटिकुर की रहनेवाली है कृषु कुमारी
