प्रतिनिधि, पालोजोरी : पालोजोरी के बेंठीडंगाल मैदान में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में जुनियर ब्रदर ने जीपी एलेवन को हराकर खिताब अपने नाम किया. पालोजोरी सदर मुखिया के सौजन्य से आयोजित इस फुटबॉल प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया था.
रोमांचक मुकाबले का फैसला टाइब्रेकर से
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच नाचनगड़िया व जुनियर ब्रदर के बीच खेला गया था. वहीं फाइनल मुकाबला जुनियर ब्रदर व जीपी एलेवन के बीच हुआ. फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा. दोनों टीमों के बराबरी पर रहने के कारण मैच का फैसला टाइब्रेकर से हुआ. इसमें जुनियर ब्रदर ने जीपी एलेवन को 3-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया.
आठ टीमों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में जुनियर ब्रदर और जीपी एलेवन के अलावा बुरूझरना एफसी कोलगी, रेमील एफसी, डीडी स्टार डुमरिया, एनजी स्टार व ओगैया की टीम ने हिस्सा लिया.
विजेता व उपविजेता सम्मानित
मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद सदर मुखिया अंशुक साधु ने विजेता टीम को नगद सात हजार रुपये और उपविजेता टीम को नगद पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता का लुत्फ उठाने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे.
