Deoghar News : हर पंचायत-वार्ड में 500 कार्यकर्ता तैयार करें, देवघर संगठन को बनायें सर्वश्रेष्ठ : विनोद पांडेय

झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता तथा राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद कुमार पांडेय ने गुरुवार को देवघर सर्किट हाउस कॉन्फ्रेंस हॉल में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक सह संवाद कार्यक्रम किया. इसमें महासचिव ने संगठन को पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया.

प्रमुख संवाददाता, देवघर : झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता तथा राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद कुमार पांडेय ने गुरुवार को देवघर सर्किट हाउस कॉन्फ्रेंस हॉल में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक सह संवाद कार्यक्रम किया. इसमें महासचिव ने संगठन को पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हर पंचायत और वार्ड में कम-से-कम 500 कार्यकर्ता तैयार करें, ताकि पूरे जिले में सवा लाख से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी बन सकें. हमारा लक्ष्य है कि देवघर झामुमो संगठन को राज्य का सबसे श्रेष्ठ संगठन बनाया जाये.

कमेटियों को सक्रिय करें और निकाय चुनाव की तैयारी में जुट जायें

महासचिव ने सभी कमेटियों को सक्रिय करते हुए आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नगर और महानगर की सभी कमेटियों को दुरुस्त करें, नियमित कार्यक्रम चलायें और जनता के बीच सक्रियता बढ़ायें. कहा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना संगठन का दायित्व है. संगठन के माध्यम से सरकार की नीतियों को जनता तक ले जाएं और यह सुनिश्चित करें कि हर लाभार्थी तक योजना का असर पहुंचे.

संगठन में अनुशासन सर्वोपरि

अनुशासन पर सख्त रुख अपनाते हुए महासचिव ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता करने वालों पर कार्रवाई तय है. संगठनात्मक अनुशासन सर्वोपरि है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर संगठन नजर रखे, जो भी अधिकारी या कर्मचारी जनता के कार्यों में लापरवाही बरतेंगे या भ्रष्टाचार करेंगे, उनकी रिपोर्ट केंद्रीय कार्यालय को भेजी जाये. बैठक में उन्होंने देवघर जिला संगठन की सक्रियता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की टीम उत्साह और ऊर्जा से भरी है. यही संगठन भविष्य में झामुमो की ताकत बनेगा. बैठक में जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, युवा अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी, नगर अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा और मंच के पदाधिकारी शामिल हुए.

हाइलाइट्स

देवघर में झामुमो केंद्रीय महासचिव की बैठक सह संवाद का आयोजन

संगठन विस्तार, अनुशासन और चुनावी तैयारी पर दिए निर्देश

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeet Mandal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >