सारवां. थाना क्षेत्र की बेजुकुरा पंचायत अंतर्गत रामपुर गांव में जंगली सियार के हमले से एक सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल बच्ची की पहचान सुहानी कुमारी (7) के रूप में हुई है. दरअसल, सुहानी घर के पीछे स्थित खजूर के पेड़ के पास गयी थी. इसी दौरान झाड़ियों की ओर से निकले एक सियार ने उस पर हमला कर दिया और उसके गर्दन को दबोच लिया. बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे सियार के चंगुल से छुड़ाकर उसकी जान बचायी. घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सियार के हमले में बच्ची का जबड़ा और गर्दन बुरी तरह जख्मी हो गया है. वहीं, सारवां-सारठ मार्ग पर दलदली के समीप सड़क दुर्घटना में दुमका निवासी रीना सिंह (30) गंभीर रूप से घायल हो गयी. बताया गया कि रीना सिंह निड्स संस्था में कार्यरत हैं और काम समाप्त कर वापस लौट रही थीं. इसी दौरान वह दुर्घटना का शिकार हो गईं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. दोनों घायलों का इलाज चल रहा है.
सियार के हमले में बच्ची गंभीर घायल, दुर्घटना में महिला जख्मी

सियार के हमले में बच्ची गंभीर घायल, दुर्घटना में महिला जख्मी
Copied link
सारवां थाना क्षेत्र की बेजुकुरा पंचायत के रामपुर गांव की घटना