वरीय संवाददाता, देवघर: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) के क्षेत्रीय केंद्र देवघर ने एएस कॉलेज, देवघर स्थित IGNOU अध्ययन केंद्र (3609) के विद्यार्थियों के लिए दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा और जुलाई 2026 सत्र में नामांकन से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां जारी कर दी हैं.
अध्ययन केंद्र ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करने की अपील की है, ताकि अंतिम समय में आवेदन और नामांकन को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
30 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क भरें परीक्षा फॉर्म
दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक बिना किसी विलंब शुल्क के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं.
इसके बाद विद्यार्थियों को एक से 15 अक्टूबर 2026 तक ₹1,100 विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा करने का मौका मिलेगा.
विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए समय पर परीक्षा फॉर्म भरने के साथ आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी करनी होंगी.
असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तारीख भी 30 सितंबर
दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा से संबंधित सत्रीय कार्य यानी असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है.
अध्ययन केंद्र की ओर से विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना असाइनमेंट जमा करने की अपील की गयी है. अंतिम तिथि के बाद असाइनमेंट जमा करने में परेशानी हो सकती है, इसलिए विद्यार्थियों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गयी है.
15 सितंबर तक जुलाई सत्र में नामांकन का मौका
वहीं, जुलाई 2026 सत्र में नव-नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित है.
इच्छुक विद्यार्थी इग्नू के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन नामांकन करा सकते हैं. जिन विद्यार्थियों ने अभी तक नामांकन नहीं कराया है, उनके लिए निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन करने का मौका है.
अंतिम समय का इंतजार न करें विद्यार्थी
इग्नू अध्ययन केंद्र 3609 की समन्वयक प्रो. पायल प्रियदर्शिनी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा फॉर्म, असाइनमेंट और नामांकन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित तिथियों के भीतर पूरी कर लें.
उन्होंने कहा कि समय रहते प्रक्रिया पूरी करने से विद्यार्थियों को अंतिम समय में होने वाली तकनीकी या अन्य परेशानियों से बचने में मदद मिलेगी.
एक नजर में जरूरी तारीखें
- 15 सितंबर 2026: जुलाई 2026 सत्र में नव-नामांकन की अंतिम तिथि
- 30 सितंबर 2026: दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा का ऑनलाइन फॉर्म बिना विलंब शुल्क भरने की अंतिम तिथि
- 30 सितंबर 2026: दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा का असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि
- 1 से 15 अक्टूबर 2026: ₹1,100 विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा करने की अवधि
