मधुपुर. बुढ़ैई थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बहन के ससुराल में चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे आस्ता निवासी 22 वर्षीय मुजाहिद शेख की हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गयी. हमले में मुजाहिद का छोटा भाई मो. मजहर शेख, बहनोई मो. जुनैद शेख और बहन हिना परवीन भी घायल हो गये. इनमें जुनैद और मजहर की हालत गंभीर बतायी जा रही है. दोनों का धनबाद में इलाज चल रहा है.
बकरी बांधने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, पहाड़पुर निवासी मो. जुनैद शेख का अपने दो छोटे भाइयों से 10 अगस्त को बकरी बांधने को लेकर विवाद हुआ था. बात मारपीट तक पहुंच गयी थी. जुनैद ने सुरक्षा को लेकर बुढ़ैई थाना में आवेदन भी दिया था. पुलिस और ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था.
बिजली बिल के बकाये को लेकर फिर बढ़ा विवाद
11 अगस्त को घर के बिजली बिल के बकाये को लेकर फिर कहासुनी शुरू हो गयी. इसी दौरान जुनैद ने अपने साले आस्ता निवासी मुजाहिद शेख और छोटे साले मो. मजहर शेख को बिजली का काम करने के लिए घर बुलाया था. बताया जाता है कि दोनों बिजली का काम कर रहे थे, इसी बीच घर में फिर विवाद शुरू हो गया.
हमले में चार लोग घायल, तीन की हालत गंभीर
आरोप है कि इसी दौरान बहनोई के पिता अहमद शेख और उसके भाइयों सोहेल शेख, जावेद शेख व मजफर शेख ने मुजाहिद और अन्य पर हमला कर दिया. हमले में जुनैद, उसकी पत्नी हिना परवीन, दोनों साले मुजाहिद और मजहर घायल हो गये. मुजाहिद और मजहर समेत तीन लोगों को गंभीर चोटें आयीं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर तीन घायलों को धनबाद रेफर कर दिया गया.
धनबाद में इलाज के दौरान मुजाहिद ने तोड़ा दम
धनबाद में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह मुजाहिद शेख ने दम तोड़ दिया. वहीं जुनैद शेख और मजहर शेख की हालत अत्यंत चिंताजनक बतायी जा रही है. दोनों का धनबाद के अस्पताल में इलाज जारी है.
शव पहुंचते ही ग्रामीणों ने एनएच-114ए किया जाम
गुरुवार शाम मुजाहिद का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. पुलिस पर कार्रवाई में विलंब का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने गिरिडीह-मधुपुर एनएच-114ए को सुग्गा पहाड़ी हॉल्ट के पास जाम कर दिया. इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. मौके पर पहुंचे पुलिस वाहन को भी ग्रामीणों ने वहां से खदेड़ दिया.
पुलिस के आश्वासन पर आधे घंटे बाद हटा जाम
सूचना पर मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, बुढ़ैई थाना प्रभारी मनोरंजन महतो समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद करीब आधे घंटे बाद जाम हटाया गया.
एक महीने पहले हुई थी मुजाहिद की शादी
मुजाहिद की मौत से परिवार में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि मुजाहिद की शादी पिछले जुलाई में ही पटवाबाद में हुई थी. वह कोलकाता में रहकर रोजगार करता था. शादी के कारण वह घर आया था. फिलहाल कुछ समय से घर पर रहकर आसपास बिजली से जुड़े छोटे-मोटे काम कर रहा था. मौत की खबर मिलने के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे.
