संवाददाता, देवघर. सावन महीना समाप्त होने के बाद अब बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भादो मेला धीरे-धीरे परवान पर चढ़ने लगा है. कांवरियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. बाबा पर जलार्पण करने के लिए श्रद्धालु अब रात से ही कतार में लगने लगे हैं.
मंगलवार को भी बाबा का सबसे पहले जलार्पण करने की चाहत में बड़ी संख्या में कांवरिये देर रात से ही पंडित शिवराम झा चौक के समीप बैरिकेडिंग के अंदर कतारबद्ध होते दिखे. मंगलवार को बाबा मंदिर का पट निर्धारित समय सुबह चार बजे खोला गया. कपाट खुलने के बाद बाबा की पारंपरिक पूजा और सरदारी पूजा संपन्न करायी गयी. इसके बाद सुबह करीब 5:30 बजे से आम कांवरियों के लिए स्पर्श पूजा की परंपरा शुरू करायी गयी.
पट खुलने से पहले जलसार मोड़ तक पहुंच गयी कतार
मंदिर का पट खुलने से पहले ही कांवरियों की कतार जलसार मोड़ तक पहुंच गयी थी. कतार में खड़े श्रद्धालु बारी-बारी से आगे बढ़ते हुए बाबा का जलाभिषेक करने के लिए आतुर दिखे. जैसे-जैसे सुबह होती गयी, कांवरियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होती गयी.
मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से कतार को व्यवस्थित रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी.
कूपन व्यवस्था से श्रद्धालुओं को मिली राहत
बाबा मंदिर में संचालित कूपन व्यवस्था का हाल भी मंगलवार को काफी बेहतर रहा. कूपन काउंटर शुरू होने के महज आधे घंटे के अंदर ही दोनों होल्डिंग प्वाइंट कांवरियों से भर गये. इसके बावजूद कूपन व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को कम समय में बाबा का दर्शन और जलार्पण करने का मौका मिला.
आम कतार में लगे कांवरियों को स्पर्श पूजा के लिए करीब चार घंटे का समय लगा. वहीं, कूपन कतार से आने वाले श्रद्धालु महज आधे घंटे में स्पर्श पूजा कर मंदिर परिसर से बाहर निकल रहे थे.
बढ़ती भीड़ पर प्रशासन की नजर
भादो मेला में कांवरियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, कतार व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रशासन का प्रयास है कि बढ़ती भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित तरीके से बाबा का जलार्पण कराया जा सके.
