देवघर : नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चरण द्वारी रोड स्थित भारद्वाज आश्रम के संचालक सह चूड़ी-पेड़ा विक्रेता मोहन कुमार ठाकुर ने चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
चार लोगों को बनाया नामजद आरोपी
प्राथमिकी में शहर के मंदिर के समीप गौरी आश्रम निवासी गौरव झा, गोविंद खवाड़े लेन निवासी निहाल मिश्रा, हरिहरबाड़ी स्थित किराये के मकान में रहने वाले राहुल शर्मा और बिलासी टाउन निवासी विक्रम कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है. शिकायतकर्ता के अनुसार, सभी आरोपी जबरन उनके घर में घुसे और उनके साथ मारपीट की. इसके बाद धमकी देते हुए रंगदारी की मांग की गयी.
एक संदिग्ध हिरासत में, शिवगंगा इलाके में हुई छानबीन
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. जांच और तथ्यों के सत्यापन के लिए नगर पुलिस की टीम बुधवार दोपहर संदिग्ध को लेकर शिवगंगा इलाके में पहुंची. वहां करीब 30-40 मिनट तक छानबीन की गयी. इस दौरान स्थानीय लोगों से संदिग्धों के उठने-बैठने के ठिकानों को लेकर भी पूछताछ की गयी.
नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस हिरासत में लिये गये युवक से पूछताछ कर रही है. वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस मामले में शिकायत में लगाये गये आरोपों और उपलब्ध तथ्यों का सत्यापन कर रही है.
