वरीय संवाददाता, देवघर. कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले चार साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को जसीडीह थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने छापेमारी की. मौके पर से मधुपुर थाना क्षेत्र के सलैया गांव निवासी राजा कुमार सहित देवीपुर थाना क्षेत्र के बसवरिया गांव निवासी ललन कुमार दास, दिलीप दास व निरोज दास को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन व एक सिम कार्ड बरामद किये हैं. जानकारी के मुताबिक,
पकड़े गये आरोपी ग्रामीणों को पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे. ये सभी खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर फोन करते थे और भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को लिंक भेजते थे. लिंक पर क्लिक करते ही खाते से रुपयों की ठगी हो जाती थी. पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे और उनसे बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर थाना के इंस्पेक्टर त्रिलोचन तामसोय कर रहे थे, जिनके साथ एसआई अमर कुमार राम व जसीडीह थाना की सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे. आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी. वहीं कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.Deoghar news : कस्टमर केयर अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाले दो सगे भाई समेत चार आरोपित गिरफ्तार
पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले चार साइबर आरोपियों को किया गिरफ्तार.

Deoghar news : कस्टमर केयर अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाले दो सगे भाई समेत चार आरोपित गिरफ्तार