Deoghar News : कैशबैक का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार

कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले चार साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

वरीय संवाददाता, देवघर : कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले चार साइबर आरोपितों को साइबर थाने की छापेमारी टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने बताया कि एसपी के निर्देश पर लगातार अभियान चलाकर पुलिस कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में सोमवार को सारठ थानांतर्गत पुरनीकरहैया स्थित जंगल के समीप गुप्त सूचना पर साइबर थाने की विशेष टीम ने छापेमारी की. मौके पर से सारठ थाना क्षेत्र के दरपा गांव निवासी रोहित ठाकुर, निरंजन पंडित, सगरुबाद गांव निवासी अजीत दास व दिलीप महरा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इन लोगों के पास से चार मोबाइल फोन व तीन सिम कार्ड बरामद किया है. एक आरोपित सगरुबाद गांव निवासी अजीत का आपराधिक इतिहास है. इसी वर्ष फरवरी में साइबर थाना में आईटी एक्ट के तहत दर्ज केस कांड संख्या 27/25 में वह आरोपित रहा है. जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ग्रामीणों को पीएम किसान योजना के तहत ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे. ये सभी खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर फोन करते थे और भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों को लिंक भेजते थे. लिंक पर क्लिक करवाकर उनसे पैसे की ठगी की जाती थी. पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी फर्जी फोन पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का लालच देते थे और उनसे बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर थाना के इंस्पेक्टर शिवनारायण कामत कर रहे थे, जिनके साथ सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, एसआइ विशेश्वर कुमार और सशस्त्र बल शामिल थे. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उल्लेखनीय है कि जनवरी से अब तक देवघर जिले में साइबर ठगी के 735 आरोपित गिरफ्तार किये जा चुके हैं. पुलिस ने इनके पास से 903 मोबाइल फोन और 1149 सिम कार्ड बरामद किये हैं, जिसमें 271 प्रतिबिंब एप पर अपलोड सिम बरामद हुए है. हाइलाइट्स पुलिस ने आरोपितों को सारठ थानांतर्गत पुरनीकरहैया स्थित जंगल के पास से किया गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड बरामद एक आरोपित अजित का है आपराधिक इतिहास, साइबर थाने से इसी वर्ष फरवरी में गया था जेल

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >