Deoghar News : अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ चार गिरफ्तार

देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है तथा करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

वरीय संवाददाता, देवघर : देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है. मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाली कच्ची सड़क के पास गुप्त सूचना पर की गयी छापेमारी में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला के दो सप्लायर तथा देवघर के दो स्थानीय रिसिवर शामिल हैं. पुलिस ने आरोपितों के पास से 1,49,300 रुपये नकद, एक आई-टेन कार, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किये है.

एसपी प्रवीण पुष्कर ने प्रेसवार्ता में बताया कि 17 मई की रात करीब 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर कुछ लोग मोहनपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे हैं और डील होने वाली है. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी करायी गयी. छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला अंतर्गत दुबराजपुर थाना क्षेत्र निवासी शेख इस्ताजुल तथा मीर समद एक काले रंग की आई-टेन कार से पहुंचे थे. वहीं देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के लातेसार गांव निवासी रोहित कुमार और नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी नीरज कुमार महथा बाइक से ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे. पुलिस ने मौके पर चारों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान दो पैकेट में रखी गयी ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 102.14 ग्राम पाया गया. बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गयी है. इसके अलावा आरोपितों के पास से 1,49,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक आई-टेन कार और एक बाइक भी जब्त की गयी है. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला से सड़क मार्ग के जरिये ब्राउन शुगर लाकर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था. इसके बाद स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे पुड़ियों में बांटकर इसकी बिक्री की जाती थी. गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल फोन की जांच में कई अन्य सप्लायरों और कारोबारियों के नाम सामने आये हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. नशे के इस नेटवर्क का संचालन काफी संगठित तरीके से किया जा रहा था. सप्लायर पश्चिम बंगाल से कार के माध्यम से खेप लेकर पहुंचते थे, जबकि स्थानीय रिसिवर विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति करते थे. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम जानकारी सामने आ सकती है. इस कार्रवाई में एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के एसआइ प्रियरंजन कुमार, एसआइ श्वेत प्रकाश दूबे, घासीराम मार्डी, एएसआइ सुरेश कुमार रवानी, मुकेश कुमार सिंह, राकेश कुमार रंजन तथा तकनीकी शाखा के आरक्षी रियाजुल हक, धीरज कुमार, प्रभात कुमार, पुलिसकर्मी रामकुमार साह व लक्ष्मण गोप शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है.

दो स्थानीय रिसिवरों का है आपराधिक इतिहास

एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नीरज कुमार महथा पर नगर थाना में पांच मामले दर्ज हैं. वहीं रोहित कुमार के खिलाफ साइबर थाना व मोहनपुर थाना में दो मामला दर्ज है. दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. हाल ही में जमानत पर छूटने के बाद दोनों ने फिर से नशे के कारोबार में सक्रियता शुरू कर दी थी. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

पूछताछ में खुलासा, बंगाल से लाकर देवघर में की जा रही थी ब्राउन शुगर की सप्लाई

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार शेख इस्ताजुल ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर देवघर आया था. उसने एक पैकेट नीरज कुमार महथा को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था, जबकि रोहित कुमार को ब्राउन शुगर देनी थी, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण एक पैकेट उसके पास ही रह गया, जो बरामद हुआ. इस्ताजुल ने बताया कि आइ-10 कार शेख मोजामिल की है, जिसने उसे और मीर समद को ब्राउन शुगर पहुंचाने के लिए दी थी. उसने स्वीकार किया कि इससे पहले भी कई बार वे ब्राउन शुगर बेचने आ चुके हैं. मीर समद ने भी पूछताछ में इसकी पुष्टि की. रोहित कुमार ने बताया कि वह ब्राउन शुगर खरीदने आया था. नीरज कुमार महथा ने बताया कि वह शेख मोजामिल से अक्सर ब्राउन शुगर खरीदता है. उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस धंधे में शामिल है और कई बार जेल भी जा चुका है.

ब्राउन शुगर बेचने व सेवन करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस ब्राउन शुगर बेचने वाले छोटे विक्रेताओं सहित पीने वालों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी कर चुकी है. बहुत जल्द इलाके में घूमकर पुलिस ऐसे तत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का रोडमैप तैयार कर चुकी है.

हाइलाइट्स

नशे के नेटवर्क पर देवघर पुलिस का बड़ा प्रहार

-बंगाल से कार से पहुंची थी खेप, 1.49 लाख नकद सहित एक आई-टेन कार, बाइक व पांच मोबाइल बरामद

-102.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पश्चिम बंगाल के दो सप्लायर व दो स्थानीय रिसिवर पकड़ाये

-मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा झरना-खरगडीहा कच्ची रोड में रात में हुई छापेमारी

-पुलिस पूछताछ में कई राज्यों तक फैले नेटवर्क का खुलासा, अन्य सप्लायरों की तलाश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >