हर बालिग मुसलमान के लिए पांच वक्त की नमाज जरूरी : अमीनुल कादरी

केचुवाबांक में सदरुल अफाजिल कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन

सारठ. प्रखंड के केचुवाबांक गांव स्थित मदरसा दारूल उलूम नईमी एवं फलाहुल मुस्लमीन कमेटी, केचुवाबांक के संयुक्त तत्वावधान में सदरुल अफाजिल कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अगुवाई हजरत सैयद अहमद अलीमुद्दीन नईमी ने की. कॉन्फ्रेंस में हिंदुस्तान के मशहूर खतीब हजरत सैयद अमीनुल कादरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने अपने संबोधन में इस्लाम धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए मुसलमानों से कुरआन शरीफ के बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिग मुसलमान पर पांच वक्त की नमाज फर्ज है और सच्ची नीयत से अदा की गयी नमाज इंसान को बुराइयों एवं बेहयाई से दूर रखती है. उन्होंने कहा कि नमाज अल्लाह और बंदे के बीच सबसे मजबूत संबंध का माध्यम है तथा यह गुनाहों की माफी और आत्मिक शांति प्राप्त करने का जरिया है. अल्लाह की इबादत के साथ बंदे को अपनी परेशानियों से निजात, खुशहाली, भाईचारे और अपने गुनाहों की माफी के लिए दुआ करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कयामत के दिन सबसे पहले नमाज का ही हिसाब लिया जायेगा. यदि नमाज सही होगी तो अन्य कर्म भी सही माने जायेंगे. सैयद अमीनुल कादरी ने युवाओं को नेक रास्ते पर चलने और अल्लाह तथा उसके रसूल की शिक्षाओं का पालन करने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि जो लोग ईमान रखते हैं और नेक कार्य करते हैं, उन्हें अल्लाह बेहतर फल प्रदान करता है, जबकि नाफरमानी करने वालों को जीवन में अनेक कठिनाइयों और असफलताओं का सामना करना पड़ता है. कार्यक्रम में सैयद नज्म नईमी, मौलाना शहादत हुसैन सहित कई उलेमाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए. वहीं शायर जिशान कादरी, अख्तर नईमी, गुलाम फैजी, गुलाम नबी, मौलाना अहमद रजा और राशिद नईमी समेत अन्य स्थानीय शायरों ने अपनी शायरी से लोगों की खूब वाहवाही बटोरी. जलसे में सारठ के अलावा जामताड़ा, दुमका, गिरिडीह, बिहार और पश्चिम बंगाल से हजारों लोग शामिल हुए. भीड़ नियंत्रण के लिए समिति की ओर से दर्जनों युवाओं को स्वयंसेवक के रूप में तैनात किया गया था. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए थाना के एएसआइ दीपक कुमार मंडल सहित पुलिसकर्मी और चौकीदार भी मौजूद थे. मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह, मधुपुर के जियाउल हक, अब्दुल मतीन, सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जियाउल हक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्रामीण बीस सूत्री अध्यक्ष इस्तियाक मिर्जा, समीउद्दीन मिर्जा, अब्दुल मियां, शकील मिर्जा, अकबर मिर्जा, गुलाम मिर्जा, सलमान खान, शाहजहां मिर्जा आदि मौजूद थे. — केचुवाबांक में सदरुल अफाजिल कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन हजारों लोगों ने सुनी तकरीर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh sinha

2001 से प्रभात खबर से जुड़ कर जनहित से जुड़ी पत्रकारिता कर रहे हैं. विकास, लोगों की समस्या, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्राइम से जुड़ी खबरों पर बेहतर कवरेज करते रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >