एम्स में अब मरीजों और उनके परिजनों के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध

एम्स प्रबंधन ने शनिवार से बाहरी वाहनों के परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. वहीं प्रबंधन कर्मियों के लिए गेट पास जारी करेगा.

संवाददाता, देवघर. एम्स प्रबंधन ने शनिवार से बाहरी वाहनों के परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. प्रबंधन के अनुसार अब एम्स परिसर में मरीज व उनके परिजन बाइक अथवा कार लेकर नहीं जा पायेंगे. दरअसल, एम्स के पास शुक्रवार देर रात हुई दुर्घटना के बाद एम्स के इमरजेंसी के बाहर मरीज के परिजनों ने हंगामा किया था, जिसके बाद शनिवार से यह व्यवस्था लागू की गयी है. अब लोगों को एम्स के बाहर बाइक व कार के लिए शुल्क देकर पार्किंग करनी होगी.

प्रबंधन के अनुसार अब एम्स में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी सहित एम्स के अन्य वैसे कर्मियों को ही एम्स परिसर में प्रवेश करने दिया जायेगा, जिनके पास एम्स प्रबंधन की ओर से जारी निर्गत गेट पास रहेगा. एम्स प्रबंधन ने इस संबंध में गेट पास जारी करने का काम शुरू कर दिया है. एम्स के मुख्य गेट में सुरक्षा कर्मी को जब गेट पास दिखायेंगे तभी उन्हें अंदर वाहन लेकर प्रवेश करने दिया जायेगा. सामान्य लोगों को एम्स के बाहर पार्किंग में बाइक व कार की पार्किंग करनी हाेगी. एम्स प्रबंधन के अनुसार इमरजेंसी में हंगामे के दौरान कर्मियों के साथ हाथापाई तक हो गयी थी, जिस कारण डर से कई कर्मी इमरजेंसी से भाग गये थे. सुबह तीन बजे तक हंगामे की स्थिति बनी रही. प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.

क्या कहते हैं एम्स निदेशक

शुक्रवार को एक दुर्घटना के शिकार एक युवक को इमरजेंसी में लाया गया था, जिनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी. इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे मरीज के परिजनों ने इमरजेंसी के बाहर हंगामा किया. स्वास्थ्य कर्मियों से हाथापाई तक की. जिसके कारण स्वास्थ्य कर्मी डर से भाग गये थे. ऐसी परिस्थिति में इलाज में बाधा पहुंचने पर इमरजेंसी में भर्ती अन्य गंभीर मरीजों की जान भी जा सकती है. भर्ती मरीज, डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को देखते बाहरी बाइक व कार का प्रवेश एम्स परिसर में बंद किया गया है.

– डॉ नितिन गंगने, निदेशक एम्स, देवघर

हाइलाइटर

॰एम्स में शुक्रवार की देर रात इमरजेंसी के बाहर हंगामे के बाद प्रबंधन ने लिया निर्णय॰एम्स की ओर से मरीजों को गेट पर ही इलेक्ट्रिक गाड़ी की मिलेगी सुविधा

॰एम्स के स्थायी कर्मी व आउटसोर्सिंग के कर्मियों को जारी होगा गेट पास

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMARNATH PODDAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >