Deoghar News : निजीकरण और खाली पदों के खिलाफ जोरदार आंदोलन की हुंकार

जसीडीह के आचार्य नरेन्द्र देव भवन में ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन शनिवार से शुरू हुआ, जिसमें रेलकर्मियों की समस्याओं पर मंच से जोरदार आवाज उठायी गयी.

संवाददाता, देवघर : जसीडीह के आचार्य नरेन्द्र देव भवन में ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस का दो दिवसीय अधिवेशन शनिवार से शुरू हुआ, जिसमें रेलकर्मियों की समस्याओं पर मंच से जोरदार आवाज उठायी गयी. अधिवेशन के पहले दिन सैकड़ों की संख्या में जुटे रेल कर्मियों व पदाधिकारियों ने वर्तमान नीतियों पर नाराजगी जतायी और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया.

अधिवेशन को संबोधित करते हुए वर्किंग प्रेसिडेंट बीसी शर्मा ने केंद्र सरकार पर रेल कर्मियों के साथ सौतेलापन का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि युवा रेलकर्मियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. एनपीएस व यूपीएस जैसी व्यवस्थाओं को खत्म कर पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करना होगा. उन्होंने कहा कि रेलवे ऐसा विभाग है जहां कर्मचारी 24 घंटे अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सम्मान और सुरक्षा नहीं मिलती. उन्होंने कहा कि रेलवे में करीब ढाई सौ प्रकार के कार्य करने वाले कर्मी आठ से 10 घंटे की कठिन ड्यूटी निभाते हैं, बावजूद इसके सुविधाओं का अभाव है. उन्होंने सरकार पर रेलवे को कॉमर्शियल बनाने और ठेका प्रथा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे न केवल रोजगार प्रभावित हो रहा है, बल्कि सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ रहा है.

वक्ताओं ने कहा : रेलवे में दो लाख पद पड़े हैं खाली, ठेका कर्मियों से लिया जा रहा काम

अधिवेशन में वक्ताओं ने कहा कि रेलवे में लगभग दो लाख पद खाली पड़े हैं, जिन पर स्थायी नियुक्ति के बजाय ठेका कर्मियों से काम लिया जा रहा है. ठेका मजदूरों को उचित पारिश्रमिक नहीं मिलता और अकुशल श्रमिकों की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है. मेंटेनेंस, ऑपरेटिंग, टेक्निकल, कॉमर्शियल और इंजीनियरिंग विभागों में नयी भर्तियां नहीं होने से कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. वक्ताओं ने 10 साल बाद आठवां पे कमीशन के गठन को भी कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया. अधिवेशन में रेलवे के निजीकरण का विरोध, खाली पदों पर शीघ्र बहाली, आठवें पे कमीशन लागू करने समेत कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गयी.

जसीडीह स्टेशन से निकला गया जुलूस, रेल अधिकारी व कर्मी हुए शामिल

अधिवेशन के दौरान जसीडीह रेलवे स्टेशन से एक जुलूस निकाला गया, जो आचार्य नरेन्द्र देव भवन पहुंचा. इस जुलूस में सैकड़ो की संख्या में रेलवे कर्मचारी, पदाधिकारी तथा विभिन्न जोनल और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधि शामिल हुए. जुलूस के माध्यम से रेल कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया. वहीं शाम में आयोजित ओपन सेशन में बीसी शर्मा, बिनोद शर्मा, सोमनाथ मल्लिक, कमरुज्जमान कमर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. आगामी सत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए चुनाव कराने का निर्णय भी लिया गया.

हाइलाइट्स

ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस की 29वीं जनरल बॉडी मीटिंग, रेल कर्मियों के मुद्दों पर चर्चा, सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार

निजीकरण, खाली पद व पेंशन बहाली को लेकर उठी आवाज, संगठन मजबूती पर जोर

सरकार की नीतियों पर नाराजगी, पुरानी पेंशन बहाली की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >