देवघर. नगर थाना क्षेत्र के करनीबाग निवासी ठेकेदार वीरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू से सोमवार को दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये की छिनतई हो गयी. पल्सर बाइक सवार दो बदमाश निजी क्लिनिक परिसर में पहुंचे और उनकी बाइक की हैंडिल से रुपये से भरा थैला झपटकर वीआइपी चौक की ओर फरार हो गये. पूरी वारदात घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
एसबीआइ मुख्य शाखा से रुपये लेकर पहुंचे थे क्लिनिक
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार दोपहर में एसबीआइ की मुख्य शाखा, साधना भवन पहुंचे थे. वहां एक परिचित से रुपये लेकर उन्होंने उसे थैले में रखा और बाइक की हैंडिल में लटका लिया. इसके बाद वह वीआइपी चौक-साहेब पोखर रोड स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचे.
इसी दौरान पल्सर बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करते हुए क्लिनिक परिसर तक पहुंच गये. बदमाशों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया.
एक बदमाश बाइक पर रहा, दूसरे ने झपटा थैला
क्लिनिक परिसर में पहुंचने के बाद एक बदमाश स्टार्ट बाइक पर गली में ही बैठा रहा, जबकि उसका साथी पैदल क्लिनिक परिसर में पहुंच गया. मौका मिलते ही उसने वीरेंद्र कुमार की बाइक की हैंडिल से रुपये से भरा थैला झटके से खींच लिया.
थैला लेकर बदमाश तत्काल बाहर निकला और बाइक पर इंतजार कर रहे अपने साथी के पास पहुंच गया. इसके बाद दोनों तेज गति से बाइक लेकर वीआइपी चौक की ओर फरार हो गये.
पीछा करने के दौरान बाइक से गिरे, हुए घायल
थैला छीनकर भाग रहे बदमाशों को देखकर वीरेंद्र कुमार ने बाइक से उनका पीछा करने का प्रयास किया. हालांकि, बदमाश तेजी से भाग निकले. पीछा करने के दौरान वीरेंद्र कुमार बाइक से गिरकर घायल हो गये. बाद में उन्होंने अस्पताल में इलाज कराया और घटना की शिकायत लेकर नगर थाना पहुंचे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस बदमाशों के भागने वाले रास्ते में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि उनकी पहचान की जा सके.
बताया जाता है कि वीरेंद्र कुमार पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर ठेकेदारी करते हैं और जमीन कारोबार से भी जुड़े हैं. समाचार लिखे जाने तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस मामले की छानबीन के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी जानकारी जुटा रही है.
