देवघर से अजय कुमार यादव की रिपोर्ट
Deoghar News: झारखंड में देवघर प्रीमियर लीग सीजन-13 का भव्य फाइनल रविवार की शाम केकेएन स्टेडियम में खेला गया. दूधिया रोशनी में खेले गए हाइ-वोल्टेज मुकाबले में ब्लैक रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिंक पैंथर को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया.
पहले बल्लेबाजी में पिंक पैंथर 128 पर सिमटी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पिंक पैंथर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 128 रन बनाए. आनंद प्रकाश ने 26 रन (30 गेंद), आर्यन ने 24 रन और गौरव ने 22 रन का योगदान दिया. ब्लैक रॉयल्स की ओर से साहिल शेख ने घातक गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर 3 विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया.
ब्लैक रॉयल्स की मजबूत बल्लेबाजी, 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक रॉयल्स की टीम ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया. टीम ने 17.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 131 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. सुधांशु ने 28 गेंदों में 41 रन की मैच जिताऊ पारी खेली. सिद्धांत ने 33 रन और परवेज ने 22 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया.
पुरस्कार वितरण समारोह
फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता ब्लैक रॉयल्स और उपविजेता पिंक पैंथर को मुख्य अतिथि मेयर रवि राउत और डिप्टी मेयर टिप चटर्जी ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की. वहीं विजेता को 2 लाख और उपविजेता को 1.50 लाख का चेक भी सौंपा गया. इस अवसर पर एसबीआइ के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा, अतिथि ध्रुव सिंह और जेसी राज सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को विभिन्न विशेष पुरस्कार और सम्मान प्रदान किये. दर्शकों के लिए भी 2000 से 2500 रुपए तक के आकर्षक पुरस्कार शामिल थे. मौके पर देवघर जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजय झा सहित संघ के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे.
विशेष पुरस्कार और सम्मान
- इमर्जिंग प्लेयर – यश सिन्हा , उत्कर्ष नयन
- मैन ऑफ द मैच – परवेज शेख
- बेस्ट गेंदबाज – संजीव झा
- बेस्ट बल्लेबाज – शुभम
- प्लेयर ऑफ द सीरीज – अनिकेत शर्मा
यह भी पढ़ें: टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से की मुलाकात
यह भी पढ़ें: गढ़वा में पीने के पानी का गलत इस्तेमाल करने वालों की अब खैर नहीं, डीडीसी ने दिया कार्रवाई का निर्देश
