Deoghar News : एटीएम में कार्ड फंसाकर 30 हजार की ठगी, पीएनबी मैनेजर ने साइबर थाने में दर्ज करायी शिकायत

शहर के स्टेशन रोड मोड़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपितों ने मदद के बहाने ग्राहक से पिन की जानकारी लेकर उसके खाते से 30,000 रुपये की निकासी कर ली थी.

वरीय संवाददाता, देवघर : शहर के स्टेशन रोड मोड़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपितों ने मदद के बहाने ग्राहक से पिन की जानकारी लेकर उसके खाते से 30,000 रुपये की निकासी कर ली थी. यह मामला दिसंबर महीने का ही है. ठगी होने के बाद पीड़ित ग्राहक ने पीएनबी मुख्य शाखा प्रबंधक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी. इस मामले में पीएनबी मुख्य शाखा के मैनेजर अभिनव कुमार ने साइबर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राहक महेश प्रसाद चौरसिया दिसंबर महीने में एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान उनका डेबिट कार्ड मशीन में फंस गया. कार्ड फंसने के बाद वहां मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने खुद को मददगार बताते हुए उन्हें सहायता का भरोसा दिलाया. आरोपितों ने ग्राहक को विश्वास में लेकर एटीएम में कुछ प्रक्रिया कराने के बहाने उनका पिन जान लिया. इसके बाद आरोपितों ने उसी कार्ड का उपयोग कर अन्य एटीएम से 30,000 रुपये की निकासी कर ली थी. बताया जाता है कि कार्ड निकालने के दौरान एटीएम कियोस्क को भी क्षतिग्रस्त किया गया था. घटना के बाद जब ग्राहक को ठगी का एहसास हुआ, तब उन्होंने इसकी सूचना बैंक प्रबंधन को दी. मामले की जानकारी मिलने के बाद बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक ने पहले अपने क्षेत्रीय कार्यालय से अनुमति मांगी. अनुमति मिलने में विलंब होने के कारण शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई. अनुमति प्राप्त होने के बाद साइबर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. बैंक प्रबंधक अभिनव कुमार ने साइबर थाना की पुलिस से आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही बैंक की ओर से ग्राहकों को एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गयी है, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके. हाइलाइट्स स्टेशन रोड मोड़ स्थित पीएनबी एटीएम में दिसंबर माह में हुई थी वारदात मदद के बहाने दो आरोपितों ने ग्राहक महेश प्रसाद चौरसिया के एटीएम कार्ड से निकाले थे 30 हजार रुपये बैंक मैनेजर ने साइबर थाना में शिकायत देकर की कार्रवाई की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >