Deoghar news : बैंक अधिकारी बनकर करते थे साइबर ठगी, तीन को गिरफ्तार कर भेजा जेल

साइबर थाने की पुलिस ने बैंक के फर्जी अधिकारी बनकर लाभुकों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया.

वरीय संवाददाता, देवघर . विभिन्न बैंकों के फर्जी अधिकारी बनकर लाभुकों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ साइबर थाने की पुलिस ने किया है. इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन सहित एक सिमकार्ड बरामद किये गये हैं. गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश कराया गया और कोर्ट के निर्देश पर आरोपितों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

पुलिस मीडिया सेल से दी गयी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में सारवां थाना क्षेत्र के बरमतरा गांव निवासी सद्दाम अंसारी सहित जितनाकनाली गांव निवासी कुंदन कुमार व मोहनपुर थाना क्षेत्र के कटवन गांव निवासी सरोज कुमार शामिल हैं. पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपित लाभुकों को कॉल कर उनके खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी प्राप्त करते थे और फिर उनके खाते से पैसे उड़ा लेते थे. इसके अलावा वे लोग पीएम किसान योजना का फर्जी लिंक भेजकर और विभिन्न कंपनियों के कस्टमर अधिकारी सहित सरकारी पदाधिकारी बनकर फर्जी सिमकार्ड से कॉल कर ग्राहकों को झांसे में लेने के पश्चात बैंक डिटेल्स लेकर ठगी करते हैं. जब्त मोबाइल नंबरों की जांच करने पर पता चला कि आरोपितों के मोबाइल नंबरों के खिलाफ जेएमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज हैं. साइबर थाने की गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थानांतर्गत चौपा जंगल में छापेमारी कर इन आरोपितों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है. छापेमारी टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर हरदियुस टोप्पो सहित मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार, साइबर थाने के एसआइ विशेश्वर कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे.

हाइलाइट्स

॰आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में किया पेश, भेजा जेल

॰तीन मोबाइल फोन सहित एक सिमकार्ड बरामद, मिले ऑनलाइन शिकायत

॰मोहनपुर थानांतर्गत चौपा जंगल में पुलिस ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >