Deoghar News : एटीएम में फंसा कार्ड, टेक्नीशियन बन ठगों ने उड़ाये 48 हजार रुपये

जसीडीह बाजार स्थित एसबीआइ एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद के नाम पर ठगों ने एक शिक्षक को झांसा देकर उसके खाते से 48 हजार रुपये की निकासी कर ली.

वरीय संवाददाता, देवघर : जसीडीह बाजार स्थित एसबीआइ एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद के नाम पर ठगों ने एक शिक्षक को झांसा देकर उसके खाते से 48 हजार रुपये की निकासी कर ली. कागज पर चिपके फर्जी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने पर बातों में फंसाया, इस दौरान एटीएम में मौजूद दो युवकों ने पिन देखकर वारदात को अंजाम दिया. घटना शुक्रवार की है, जबकि शनिवार को पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है. जानकारी के अनुसार, जसीडीह के बड़ा धबाना गांव निवासी मृत्युंजय कुमार, जो गिरिडीह में शिक्षक हैं, अपने पिता लक्ष्मीकांत मंडल के एटीएम कार्ड से रुपये निकालने के लिए एसबीआइ एटीएम पहुंचे थे. इस दौरान मशीन में उनका एटीएम कार्ड फंस गया. इसके बाद वहां मौजूद काउंटर के अंदर चिपके एक हेल्पलाइन नंबर पर उन्होंने कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए उन्हें दोबारा मशीन में पिन डालकर प्रक्रिया पूरी करने को कहा. इसी दौरान उनके पीछे खड़े दो अज्ञात युवक ने उनका पिन देख लिया. इसके बाद कॉल करने वाले व्यक्ति ने शिक्षक को चकाई मोड़ स्थित एसबीआइ एटीएम जाने को कहा, जहां कथित तौर पर टेक्नीशियन मौजूद होने की बात कही गयी. जैसे ही शिक्षक वहां से निकले, बदमाशों ने एटीएम मशीन से फंसा कार्ड निकाल लिया और इंडियन बैंक के एटीएम में जाकर 48 हजार रुपये की निकासी कर ली. रुपये निकालने के तुरंत बाद इंडियन बैंक की टीम एटीएम में कैश डालने पहुंच गयी. टीम को देखते ही बदमाश कार्ड वहीं छोड़कर फरार हो गये. बैंक के टेक्नीशियन ने कार्ड बरामद कर उस पर अंकित जानकारी के आधार पर पीड़ित को कॉल कर बुलाया और कार्ड सौंप दिया. इसके बाद जब खाते से निकासी की जानकारी मिली, तो एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी. फुटेज में रुपये निकालते वही युवक दिखे, जो एसबीआई एटीएम में शिक्षक के पीछे खड़े थे. पीड़ित ने बताया कि अगर समय रहते उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो जाता, तो रुपये की निकासी नहीं हो पाती. उसने एटीएम के टॉल फ्री नंबर और 1930 पर भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी. शनिवार को साइबर थाना पहुंचकर उसने ठगी की रकम वापस कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. गौरतलब है कि चार दिन पूर्व ही देवघर पुलिस ने एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से संकेत मिलता है कि इलाके में ऐसे गिरोह अभी भी सक्रिय हैं. हाइलाइट्स -एसबीआइ एटीएम में कार्ड फंसने के बाद फर्जी हेल्पलाइन नंबर से ठगी -पिन देख रहे थे पीछे खड़े दो युवक, मौके का उठाया फायदा -इंडियन बैंक एटीएम से 48 हजार रुपये की निकासी कर हुए फरार -साइबर थाना में की शिकायत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >