चितरा. थाना क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त विदेशी शराब दुकान में रविवार को ऑनलाइन भुगतान को लेकर ग्राहकों और दुकान संचालक के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ते-बढ़ते कहासुनी और हंगामे में बदल गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. बताया गया कि कुछ ग्राहक शराब खरीदने के बाद डिजिटल माध्यम से भुगतान करना चाह रहे थे, लेकिन दुकान की ओर से ऑनलाइन भुगतान सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात कही गयी. इसी दौरान कुछ ग्राहकों ने यह आरोप लगाया कि अन्य ग्राहकों से ऑनलाइन भुगतान लिया जा रहा है, जबकि उन्हें इस सुविधा से वंचित किया जा रहा है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गयी. विवाद बढ़ने पर दुकान के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गयी और स्थानीय लोगों ने सभी ग्राहकों के लिए एक समान व्यवस्था लागू करने की मांग उठायी. स्थिति तनावपूर्ण होते देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर चितरा थाना पुलिस थाना प्रभारी विपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने भीड़ को हटाया और माहौल को सामान्य कराया. इसके बाद दुकान में पुनः सामान्य कार्य शुरू हो गया. — चितरा के टेढ़ी मोड़ शराब दुकान में ऑनलाइन पेमेंट पर हुआ हंगामा
ऑनलाइन पेमेंट को लेकर शराब दुकान पर हंगामा
चितरा थाना पुलिस ने कराया शांत
