मधुपुर में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल, गांव में सनसनी

जाति का बंधन आया आड़े, तो मधुपुर में प्रेमी युगल ने दे दी जान

मधुपुर. मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत बुढ़ैई थाना क्षेत्र के सरपत्ता कारीपहाड़ी गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आयी है. यहां एक प्रेमी युगल के शव पलाश के पेड़ से फंदे के सहारे लटकते हुए मिले. घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गयी और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. मृत युवक की पहचान कारीपहाड़ी निवासी 20 वर्षीय प्रदीप महतो के रूप में हुई है, जबकि 18 वर्षीय युवती बबीता कुमारी भी उसी गांव की रहने वाली थी. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे. बताया जाता है कि दोनों रविवार को अपने-अपने घर से निकले थे. उसी शाम से वे लापता थे. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शुक्रवार की सुबह गांव के पूर्वी छोर पर स्थित एक पलाश के पेड़ से दोनों के शव लटकते हुए देखे गये, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ैई थाना प्रभारी रूपेश कुमार महतो व एएसआई अजय कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक-युवती मिलनसार और होनहार थे तथा किसी से कोई विवाद नहीं था. इधर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शिवलाल किस्कू और पत्थलजोर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य मरियम टुडू मौके पर पहुंचीं और मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. आत्महत्या या हत्या, हर पहलू की जांच : पुलिस थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है. दोनों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और उनका बयान दर्ज किया गया है. युवती की मां व युवक के पिता ने पुलिस में अपना बयान दर्ज कराया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में दोनों ने यह कदम उठाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHAILESH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >