मारगोमुंडा. गांडेय थाना क्षेत्र के तिलोबोनी के पास तालाब में संदेहास्पद स्थिति में शव बरामदगी मामले में परिजनों ने मृतक के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. घटना को लेकर मृतक प्रदीप हांसदा के पिता मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के सालमांद्रा गांव के टोला पुरनाडीह गांव निवासी प्रगन हांसदा ने गांडेय थाना में आवेदन देकर मृतक के ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की है. दिये आवेदन में जिक्र किया है कि बीते एक अक्तूबर को उसके पुत्र प्रदीप हांसदा को उसके ससुर गांडेय थाना क्षेत्र के तिलोबोनी गांव निवासी कारु हेंब्रम एवं उसकी पत्नी सालमांद्रा गांव के टोला पुरनाडीह से उसके परिवार के साथ अपने साथ तिलोबोनी ले गये थे. अगले दिन उसकी बहु सादमुनी हेंब्रम ने फोन कर बताया कि उसके पुत्र को किसी ने मारकर तालाब में फेंक दिया है. रात हो जाने तथा मोटरसाइकिल नहीं मिलने के कारण तिलोबोनी गांव नहीं पहुंच सके. तीन अक्तूबर को थाना क्षेत्र के तिलोबोनी गांव अपने भाई एवं ग्रामीणों के साथ पहुंचे तो बेटे प्रदीप हांसदा को मृत पाया. उन्होंने मृतक बेटे प्रदीप हांसदा के ससुर कारु हेंब्रम, नीनु हेंब्रम, संतोष हेंब्रम एवं राजीव हेंब्रम के विरुद्ध गांडेय थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह ने कहा कि आवेदन मिला है. आवेदन के आलोक में नये सिरे से जांच पड़ताल की जाये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
