देवघर : श्री श्याम कीर्तन मंडल में दो दिवसीय 69वां श्री श्याम महोत्सव शनिवार को भक्तिमय माहौल में शुरू हुआ. मुख्य यजमान गणेश भालोटिया ने परिवार के साथ ज्योत प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया. कोलकाता से पहुंचे फूलों और कुशल कारीगरों ने बाबा श्याम का आकर्षक व अलौकिक शृंगार किया. कार्यक्रम में पहुंचे सांसद डॉ. निशिकांत दुबे को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. सांसद ने हवन में भी भाग लिया.
श्री गणेश के आह्वान से हुआ महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव की शुरुआत विघ्नहर्ता श्री गणेश के आह्वान से हुई. पूर्व मंत्री सह गायक श्याम सोंथालिया सहित मंडल के सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति दी. इसके बाद ‘धन्य घड़ी धन्य भाग हमारो’, ‘लीले चढ़ श्याम पधारो’ और ‘अब तो आजा करके बाबा’ सहित भजनों से प्रार्थना कक्ष भक्तिमय हो उठा.
श्याम भजनों पर झूमते रहे श्रद्धालु
बाबा नगरी में विराजमान प्रभु श्री श्याम के विराट महोत्सव में औघड़ दानी भोले बाबा का आह्वान भी किया गया. ‘डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा, डम डम डमरू बजाना होगा...’ भजन के बाद संकट मोचन वीर बजरंगबली और सालासर वाले बालाजी की स्तुति की गयी. भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आये.
हावड़ा और भागलपुर के भक्तों ने भी लगायी हाजिरी
श्री श्याम मित्र मंडल हावड़ा के सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा को रिझाया. वहीं, श्री श्याम भक्त मंडल भागलपुर के सदस्यों ने भी मधुर भजनों की प्रस्तुति दी. इस दौरान प्रभु श्री श्याम को छप्पन भोग अर्पित किया गया.
रात तक श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा प्रार्थना कक्ष
महोत्सव के दौरान रात तक प्रार्थना कक्ष श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा. मौके पर संयोजक श्याम सोंथलिया, श्याम जालान, मनोज झांझरिया सहित मंडल के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे.
20 सितंबर की देर रात तक चलेगा महोत्सव
अध्यक्ष संजय बंका, सचिव अशोक सरावगी, कोषाध्यक्ष पंकज पचेरीवाला और सह सचिव सह मीडिया प्रभारी अभिषेक सिंघानिया ने बताया कि महोत्सव 20 सितंबर की देर रात तक चलेगा. इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
