पहले दिन से ही एक्शन मोड में प्रशासन, अर्घा लगाकर शुरू कराया सुगम जलार्पण

देवघर श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन जिला प्रशासन ने अर्घा लगाकर श्रद्धालुओं के लिए सुगम जलार्पण की व्यवस्था शुरू की। सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा।

प्रमुख संवाददाता, देवघर

राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के पहले दिन अहले सुबह जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया. दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का भ्रमण कर जलार्पण व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया.

अधिकारियों की मौजूदगी में लगाया गया अर्घा, शुरू हुआ जलार्पण

श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगमता के साथ जलार्पण कराने के उद्देश्य से श्रावणी मेला के पहले दिन उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की उपस्थिति में बाबा मंदिर में अर्घा स्थापित किया गया. अर्घा व्यवस्था शुरू होने के बाद कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़े सुरक्षा घेरे के बीच बाबा भोलेनाथ पर सुचारु रूप से जलार्पण किया.

कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी से की लाइव मॉनिटरिंग

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का भी दौरा किया. यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की लाइव मॉनिटरिंग की. उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी आपात परिस्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें.

सेवा भाव से करें श्रद्धालुओं का सहयोग

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें. साथ ही देवघर आने वाले सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बाबा नगरी से सुखद अनुभव लेकर लौटें.

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >