मधुपुर. गिरिडीह-मधुपुर रेलखंड पर मंगलवार को एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. रेलवे प्रशासन और आरपीएफ को सूचना मिली थी कि रेल पोल संख्या 1/5-6 के पास बावन बीघा मोहल्ले में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है. उसके बाद आरपीएफ ने इसकी सूचना रेल पुलिस को भी दी. सूचना मिलने पर आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे. घायल को रेलवे अस्पताल लाया गया. जहां से एंबुलेंस के माध्यम से उसे बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मधुपुर भेजा गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान नहीं हो पायी है. बताया जाता है कि मृतक के पॉकेट में कोई ऐसा दस्तावेज या मोबाइल फोन नहीं था, जिससे उसकी पहचान हो सके. शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया गया है. मृतक की पहचान करने की कोशिश किया जा रहा है. कुछ लोगो ने बताया कि मृतक स्टेशन व आसपास के इलाके में बोतल व कचरा चुनने का काम करता था. उसकी मौत ट्रेन से गिरकर हुई या टकराकर हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा.
गिरिडीह-मधुपुर रेलखंड पर हुई दुर्घटना, शिनाख्त में जुटी रेल पुलिस
न दस्तावेज, न मोबाइल-अज्ञात शव ने बढ़ाई रेलवे पुलिस की मुश्किलें