देवघर : रिखिया थाना क्षेत्र के चौधरी चौक अमगढ़िया गांव में करैत सांप के डंसने से 30 वर्षीय यशोदा देवी की मौत हो गयी. मृतका विशाल महथा की पत्नी थीं. घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है. यशोदा के तीन छोटे बच्चे हैं.
परिजनों के अनुसार, यशोदा देवी सोमवार को सुल्तानगंज से पैदल गंगाजल लेकर देवघर पहुंची थीं. बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण करने के बाद मंगलवार को वह अपने घर लौटीं. काफी थकी होने के कारण रात में आराम करने के लिए पलंग पर सोने चली गयीं.
बताया गया कि तकिये की ओर पलंग पर पहले से करीब तीन फीट लंबा करैत सांप मौजूद था. सोने के दौरान यशोदा का हाथ सांप पर पड़ गया. इसके बाद सांप ने उनके हाथ में डंस लिया. यशोदा के शोर मचाने पर पति विशाल आंगन से दौड़कर कमरे में पहुंचे. उन्होंने देखा कि सांप यशोदा के हाथ में लिपटा हुआ था. यशोदा ने जोर से हाथ झटका, जिसके बाद सांप अलग हो गया.
परिजनों ने सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर लिया और यशोदा को इलाज के लिए पहले दुबे बाबा मंदिर ले गये. करीब आधे घंटे के अंदर रात लगभग एक बजे उन्हें सदर अस्पताल लाया गया. परिजन सांप को भी साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे. चिकित्सकों ने यशोदा को एंटी स्नेक वेनम दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया.
एम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही यशोदा की मौत हो गयी. बुधवार की रात उनका अंतिम संस्कार किया गया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पति विशाल की भी तबीयत बिगड़ गयी है.
