कुंडा थाना क्षेत्र के सुनील कुमार दुबे ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कराया
देवघर : कुंडा थानांतर्गत दोनिहारी निवासी सुनील कुमार दुबे का एटीएम कार्ड उनके घर से ही बदल लिया गया व उनकी मोबाइल भी चोरी कर ली गयी. घटना के बाद आरोपित द्वारा सुनील के एकाउंट से 1.79 लाख रुपया उड़ा लिया गया. एकाउंट से रुपया झरनालता दास के खाता में गया से ट्रांसफर किया गया है. इस संबंध में सुनील ने कुंडा थाना कांड संख्या 47/17 भादवि की धारा 379 व आइटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है. जिक्र है कि सात अप्रैल को उनके पिता नंदकिशोर दुबे की मृत्यु हो गयी.
11 अप्रैल को अंतिम बार उसने अपने एटीएम से रुपये की निकासी किया. दूसरे दिन 12 अप्रैल को रुपया निकालने गया तो पता चला कि एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गया. दूसरे एटीएम के लिये आवेदन करने के बाद आखिरी बार फॉर्म भरकर 15 अप्रैल को बैंक से रुपये की निकासी किया. उस वक्त पता चला था कि खाते में 179940.61 रुपया है. 21 अप्रैल को पासबुक से पैसा निकासी करने बैंक गया तो पता चला कि उसके खाते में महज 44 पैसे शेष बच गये. पासबुक अपडेट कराने पर जानकारी हुई कि फर्जी तरीके से उसके खाते से गया से रुपया ट्रांसफर कर लिया गया. पुलिस जांच में जुटी है.
