मधुपुर : थाना क्षेत्र के सबैजोर गांव में नाबालिग लड़की की शादी की शिकायत मिलने पर बीडीओ संतोष कुमार चौधरी व पुलिस टीम गांव पहुंची और शादी रूकवाते हुए तीन व्यक्ति को हिरासत में लिया है.
बताया जाता है कि किशोरी की शादी सारवां थाना क्षेत्र के कुरूमटांड़ में तय हुई थी. इसके बाद तिलक समेत अन्य वैवाहिक कार्यक्रम भी हो चुके थे. शुक्रवार शाम को बरात आने वाली थी. इसकी तैयारी भी घर वालों ने कर रखी थी. घर में पिछले तीन-चार दिनों से उत्सव का माहौल था. विधिवत रूप से किशोरी को हल्दी आदि भी लगाया जा रहा था.
बरातियों का खाना भी बनाया जा चुका था. लेकिन इसी बीच किसी ने चाइल्ड हेल्पलाइन समेत बीडीओ को सूचना दे दी. जिसके बाद बीडीओ पुलिस के साथ गांव पहुंचे व लड़की के दादा, दादी व चाचा को हिरासत में ले लिया. थाना में बालिग होने से पूर्व लड़की के शादी नहीं करने का बांड भरने के बाद उन लोगों को छोड़ा गया. वहीं वर व वधू पक्ष आपसी बातचीत के बाद मामला को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.
