जीवन दा सहित बाइकर्स पुलिसकर्मी व अन्य को बनाया गया है आरोपित
देवघर : जिले के करौं थाना क्षेत्र निवासी डिजिटल स्टूडियो व एसबीआइ सीएसपी संचालक शुभंकर कुमार मंडल से नगदी 13000 रुपये की छिनतई करने और उसके पेटीएम वॉलेट से जबरन 7000 रुपये के डीटूएच व 200 रुपये के मोबाइल रिचार्ज किये जाने के मामले में अब तक जीवन दा की पहचान नहीं हो सकी है. मामले की प्राथमिकी दर्ज हुए 48 घंटे बीत गये. बावजूद यह नहीं पता किया जा सका है कि जीवन दा पुलिस है या पब्लिक? कांड में शामिल पुलिसकर्मियों की पहचान कर कार्रवाई भी नहीं की जा सकी है. वहीं घटना में शामिल अन्य अज्ञात लोग कौन-कौन हैं, इसका भी पता नहीं लगाया जा सका है.
जानकारी हो कि इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 255/17 भादवि की धारा 419, 420, 406, 379, 342, 323, 34 के तहत मामला दर्ज कराया गया है. मामले में जिक्र है कि शुभंकर के पॉकेट से नगद 13000 रुपया निकाल लिया और डीटूएच में 7000 व मोबाइल में 200 रुपये का रिचार्ज करा लिया गया था. उसी में एक व्यक्ति बोला था कि काम हो गया जीवन दा. यह भी जिक्र है कि मोबाइल नंबर 8228080115, डीटूएच नंबर 180872659 व गाड़ी नंबर (जेएच 01 बीपी 9379) सिपाही का है. इसके बाद एक सिपाही व वो चार लड़का मिलकर शुभंकर को कुंडा पेट्रोल पंप पर ले जाकर छोड़ दिया था.
