देवघर में दिनदहाड़े किराना दुकानदार से 5500 रुपये की छिनतई

उसी क्रम में पानी टंकी के पास एक लड़का उसकी बाइक पर गिर गया और उससे झंझट करने लगा. उसी क्रम में उस लड़के ने दिलीप के पॉकेट में हाथ डालकर 5500 रुपये निकाल लिये.

देवघर : किराना दुकान का सामान लेने देवघर आये मोहनपुर थाना क्षेत्र के बांक गांव निवासी किराना दुकानदार दिलीप कुमार से मंगलवार को दिनदहाड़े नगर थानांतर्गत पानी टंकी के समीप 5500 रुपये की छिनतई हो गयी. घटना के बाद वह शिकायत देने नगर थाना आये, तो ड्यूटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने पहले उसे छिनतई करने वाले युवक को पकड़कर लाने कहा. इसके बाद पीड़ित ने अपने किसी परिचित को बुलाया, तो लिखित शिकायत ली गयी. दुकानदार ने बताया कि किराना दुकानदार दिलीप घर से 15 हजार रुपये लेकर सामान खरीदने लक्ष्मी मार्केट आया था. वह 9500 रुपये का सामान खरीदा तथा उसके पास 5500 रुपये बचे थे. वह बाइक में सामान बांधकर बैजनाथपुर की तरफ जा रहा था.

उसी क्रम में पानी टंकी के पास एक लड़का उसकी बाइक पर गिर गया और उससे झंझट करने लगा. उसी क्रम में उस लड़के ने दिलीप के पॉकेट में हाथ डालकर 5500 रुपये निकाल लिये. घटना के बाद दिलीप ने लोगों से मदद की गुहार लगायी, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आये. खुद वह आरोपित लड़के का पीछा करने लगा. इस दौरान आरोपित ने दिलीप के बाइक की चाबी भी छीन ली. इसी बीच पीसीआर टीम को आता देख दिलीप ने मदद मांगी. पीसीआर पुलिस टीम को देखकर आरोपित लड़के ने दिलीप के बाइक की चाबी फेंक दी और दौड़कर क्लब ग्राउंड के अंदर की बस्ती में घुस गया. बाद में नगर थाने की पुलिस आरोपित की तलाश में क्लब ग्राउंड बस्ती में पहुंची, लेकिन आरोपित नहीं मिला. समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.

Also Read: देवघर: 10 जनवरी से टैक्स नहीं देंगे फुटपाथ दुकानदार, करेंगे निगम का घेराव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >