देवघर: प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी द्वारा घोषित 24 घंटे के भारत बंद को लेकर देवघर जिले में हाइ-अलर्ट घोषित कर दिया गया है. बंद शुक्रवार की आधी रात से शनिवार की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा.
इस दौरान सभी थाने को विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. वहीं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ायी गयी है. पुलिस के लूज मूवमेंट पर रोक लगाते हुए कड़ी चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है. किसी भी मूवमेंट के पूर्व थानेदारों द्वारा एसडीपीओ को जानकारी देने का आदेश दिया गया है. खास कर मोहनपुर, जसीडीह, देवीपुर, मधुपुर, मारगोमुंडा व करौं थाने के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है. हर संदिग्ध चेहरे की गतिविधियों पर निगरानी का निर्देश दिया गया है.
उधर जसीडीह प्रतिनिधि के अनुसार रेलवे ने भी बंदी को लेकर खास इंतजाम किया है. आसनसोल से झाझा के बीच पड़ने वाले रेलवे की पुल-पुलिया पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. ट्रेन पर सुरक्षा कर्मियों के लूज मूवमेंट पर रोक है. वहीं आरपीएफ व जीआरपी बंदी को लेकर चौकसी बरत रही है. बताते चलें कि ओड़िसा में पिछले दिनों पुलिस मुठभेड़ में दर्जन भर नक्सलियों के मारे जाने के विरोध में भाकपा माओवादी ने बंद का आह्वान किया है.
