मधुपुर : जिले के मधुपुर स्थित पनाहकोला में दवा व्यवसायी उमेश चंद्र मिश्र (56) की घर में घुस कर तलवार घोंप कर हत्या कर दी गयी. उमेश को बचाने आये बेटे ज्ञानेश (19) पर भी हमला किया गया. ज्ञानेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना शुक्रवार दिन के करीब 1.45 बजे की है. हमलावर की पहचान मोहल्ले के ही हुमायूं अंसारी उर्फ हीमैन (पिता इकबाल अंसारी) के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि हुमायूं ने लूट की नीयत से घटना को अंजाम दिया.
घर में घुस दवा व्यवसायी को तलवार से मारा, मौत, बचाने पहुंचा बेटा गंभीर
मधुपुर : जिले के मधुपुर स्थित पनाहकोला में दवा व्यवसायी उमेश चंद्र मिश्र (56) की घर में घुस कर तलवार घोंप कर हत्या कर दी गयी. उमेश को बचाने आये बेटे ज्ञानेश (19) पर भी हमला किया गया. ज्ञानेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना शुक्रवार दिन के करीब 1.45 बजे की है. […]

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने उमेश के शव के साथ डालमिया कूप के निकट एनएच 114 ए (गिरिडीह-मधुपुर पथ) को शाम चार बजे के बाद जाम कर दिया. लोगों ने सड़क पर ही टायर जला कर आवागमन अवरुद्ध कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की. रात करीब 7.30 बजे पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया. पुलिस ने 48 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लेने का आश्वासन दिया है.
बगल के कमरे में सो रहा था ज्ञानेश
ज्ञानेश ने पुलिस को बताया, उसके पिता उमेश चंद्र मिश्र दवा बेचते थे. दोपहर को हुमायूं घर के पिछले हिस्से से अंदर घुसा. उसने अलमारी खोलने का प्रयास किया. नहीं खुलने पर तलवार का भय दिखाकर चाबी मांगी. विरोध करने पर उसने उमेश के पेट में तलवार घोंप दिया.
ज्ञानेश ने बताया, वह बगल के कमरे में सो रहा था. उमेश की चीख की आवाज सुन कर वह दौड़ता हुआ पहुंचा. इस बीच हुमायूं ने जान से मारने के इरादे से उस पर भी तलवार से हमला कर दिया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. शोर-शराबा सुनकर पड़ोस की महिला हिम्मत कर वहां पहुंची, तो हुमायूं मौका देख कर भाग निकला.
पहुंचे पुलिस पदाधिकारी : घटना में उमेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गयी. घायल ज्ञानेश को पास के एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की सूचना पर एसडीपीओ बीएन सिंह, एसडीओ योगेंद्र प्रसाद, कार्यपालक दंडाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, नप के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, सीओ मनीष रंजन पुलिस दलबल के साथ मृतक के घर पहुंचे व मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर लिया है.
ज्ञायनेश ने अपने बयान में कहा है कि घर के बाहर का दरवाजा दोपहर होने के कारण बंद था. हत्या करने वाला अपराधी हुमायूं अंसारी पनाहकोला में ही उसके घर से कुछ ही दूरी पर रहता है. पुलिस ने उमेश की हत्या के आरोपी हुमायू की गिरफ्तारी को लेकर देर रात तक कई जगहों पर छापेमारी की. पर उसका कोई सुराग नहीं मिला.
मोहल्ले का ही है हमलावर हुमायूं
घर के पिछले हिस्से से दीवार फांद कर घर में घुसा था
घायल बेटे ने बताया, लूट के इरादे से आया था
अलमारी की चाबी नहीं देने पर उमेश चंद्र मिश्रा पर किया तलवार से हमला
रात 12 बजे हुआ पोस्टमार्टम
डीसी के निर्देश पर उमेश के शव का रात 12 बजे पोस्टमार्टम किया गया. सिविल सर्जन द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया. टीम में डॉ दिवाकर पासवान, डॉ चितरंजन कुमार पंकज व डॉ प्रेमप्रकाश शामिल थे. इसकी वीडियोग्राफी भी की गयी.
विरोध में आज मधुपुर बंद, चेंबर का समर्थन
उमेश की हत्या के आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को मधुुपुर बंद का आह्वान किया गया है. प्रदर्शन के दौरान इसकी घोषणा की गयी. आक्रोशित लोगों ने कहा है कि अगर प्रशासन तत्काल अपराधी को गिरफ्तार नहीं करता है, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा और आगे भी मधुपुर-गिरिडीह एनएच को जाम कर दिया जायेगा.
हमला करने वाले की पहचान हो गयी है. देवघर पुलिस 24 घंटे के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार करे. संताल परगना की यह अंतिम हत्या होनी चाहिए, वर्ना भाजपा कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे. मृतक परिवार को व्यक्तिगत रूप से सहायता देंगे. इस दुख की घड़ी में मैं और भाजपा परिवार मृतक के परिजनों के साथ हैं. जनता से आग्रह है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें.
– डॉ निशिकांत दुबे, सांसद
उमेश चंद्र मिश्रा की हत्या जघन्य अपराध है. घटना बहुत ही शर्मनाक है. प्रशासन हत्या के आरोपी को किसी भी हाल में अविलंब गिरफ्तार करे. सभी शांतिपूर्ण ढंग से मामले के समाधान में सहयोग दें. पीड़ित परिवार के साथ मेरी पूरी सहानुभूति है और उन्हें हर हाल में न्याय मिलेगा.
– हाजी हुसैन अंसारी, नवनिर्वाचित विधायक